बकाया टैक्स जमा करने का एक और सुनहरा मौका, एक महीने के लिए बढ़ी OTS योजना
भवन कर, जलकर और सीवर कर की एकमुश्त समाधान योजना (OTS) में आवेदन की अंतिम तिथि 14 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है।
-1785648743532_v-1794998129287_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
OTS आवेदन की अंतिम तिथि 14 दिसंबर तक बढ़ाई गई।
भुगतान करने की अंतिम तारीख 15 जनवरी 2027 निर्धारित।
सर्वर धीमा होने से आवेदन करने में आ रही दिक्कत।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। भवन कर, जलकर और सीवर कर में एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में आवेदन करने की तारीख बढ़ाकर 14 दिसंबर कर दी गई है, जो 14 नवंबर को खत्म हो गई थी।
भवन स्वामी आवेदन करने के बाद 15 जनवरी 2027 तक भुगतान भी कर सकेंगे, लेकिन सोमवार को भी सर्वर के काम न करने से भवन स्वामियों को लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। भवन कर में जहां ब्याज से राहत मिलेगी तो जलकर, सीवर कर और जलमूल्य पर भी लाभ मिलेगा।
एकमुश्त समाधान योजना के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ के भवन स्वामियों को लंबित गृहकर के साथ जलकल विभाग से संबंधित बकाया जलकर, सीवर कर एवं जलमूल्य में भी सरचार्ज माफ हो जाएगा। 14 नवंबर को अंतिम दिन 1,144 आवेदन किए गए थे और 210 लोगों ने 35.63 लाख रुपये जमा किए थे।
15 अगस्त से 14 नवंबर 2026 तक संचालित इस योजना में कुल 24,920 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 10,640 आवेदकों ने योजना के तहत धनराशि जमा कराई। इससे नगर निगम को कुल 24.82 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि करदाताओं को 10.31 करोड़ रुपये के ब्याज में छूट का लाभ मिला था।