शिवा हत्याकांड: मॉडल श्रद्धा मामले में इंस्पेक्टर और डीसीपी के बाद एसीपी पर भी गिरी गाज, हटाए गए
मॉडल श्रद्धा दुबे मामले में लापरवाही के चलते डीसीपी, इंस्पेक्टर के बाद एसीपी रजनीश वर्मा को भी हटा दिया गया है।

शिवा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे।
HighLights
श्रद्धा दुबे मामले में डीसीपी, इंस्पेक्टर हटाए गए।
एसीपी रजनीश वर्मा को भी पद से हटाया गया।
फरार आरोपियों पर इनाम राशि 50 हजार हुई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मॉडल श्रद्धा दुबे मामले में लापरवाही बरतने वाले डीसीपी और इंस्पेक्टर के बाद सोमवार दोपहर को एसीपी रजनीश वर्मा को भी हटा दिया गया।
बता दें कि कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही श्रद्धा, रश्मि और तनवीर उर्फ दानिश नेपाल से सोनौली बॉर्डर से निकलकर रविवार को लखनऊ हाई कोर्ट आए और फिर फरार हो गए, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
सूत्रों से पता चला है कि श्रद्धा यहां थोड़ी देर के लिए रुकी। हाई कोर्ट परिसर में अधिवक्ता ने कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए। इसके बाद एक्सप्रेसवे से आगरा और वहां से सहारनपुर जा पहुंची।
इस मामले में आठ दिन बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर उच्चाधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए पहले इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह को लाइन हाजिर किया। इसके बाद डीसीपी डीसीपी मध्य विक्रांत वीर को हटाकर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया। सोमवार को एसीपी पर भी गाज गिरी। एसीपी रजनीश वर्मा को भी हटा दिया गया।
तीनों आरोपितों पर इनाम बढ़कर 50 हजार
पुलिस ने रविवार को इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी है। कार्रवाई के बाद भी फिलहाल इंस्पेक्टर विक्रम सिंह आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में शामिल हैं।
