पेंशनरों को बड़ी राहत: अब डाकिया घर आकर बनाएगा लाइफ सर्टिफिकेट, बस 70 रुपये में मिलेगी सुविधा
लखनऊ के पेंशनभोगी अब 70 रुपये में डाकिया की मदद से घर बैठे अपना जीवित प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
डाकिया घर आकर बनाएगा पेंशनरों का जीवित प्रमाणपत्र।
जीवित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए केवल 70 रुपये शुल्क।
बुजुर्ग पेंशनरों को लंबी कतारों से मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पेंशनर को पेंशन के लिए हर वर्ष कोषागार में जीवित प्रमाणपत्र जमा करना होता है। इसके लिए इन दिनों कोषागार में सुबह से शाम तक बुजुर्गों की लाइन लग रही है। पेंशनर अब जीवित प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने की बजाए डाक विभाग की मदद से घर बैठे जीवित प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं।
इसके लिए उन्हें अपने नजदीकी डाकघर से संपर्क करना होगा। डाकिया घर पहुंचकर जीवित प्रमाण पत्र बनवाने में मदद करेंगे। आवेदक को इसके लिए 70 रुपये शुल्क, आधार संख्या, मोबाइल नंबर और पेंशन का विवरण देना होगा।
अभी तक जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए नवंबर में पेंशनरों को संबंधित कार्यालयों तक जाना पड़ता है। कई बार भीड़ और लंबी कतारों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन डाक विभाग की सुविधा से घर बैठे ही यह काम पूरा हो सकेगा। जीवन प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पेंशनभोगी को अपने नजदीकी डाकघर या डाकिया से संपर्क करना होगा।
डाकिया घर पहुंचकर आधार नंबर, मोबाइल नंबर और पेंशन से संबंधित विवरण लेकर आनलाइन आवेदन करेंगे। इसके बाद संबंधित नंबर पर एसएमएस पहुंचेगा और कुछ दिन बाद डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र जारी हो सकेगा। प्रमाणपत्र बनने के बाद इसकी डिजिटल प्रति संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी।
ऑनलाइन भी किया जा सकता है आवेदन
डाक विभाग की इस सुविधा का लाभ पोस्ट इन्फो एप और पोर्टल के माध्यम से भी लिया जा सकता है। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की लखनऊ शाखा की तरफ से भी यह सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। डाक विभाग की यह व्यवस्था पुरानी है, लेकिन जीवित प्रमाणपत्र बनवाने में उपयोगी साबित हो रही है।
इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ चलने-फिरने में असमर्थ पेंशनर को मिल रहा है। विभाग के अनुसार, लखनऊ में पेंशनर अपने नजदीकी डाकघर या डाक सेवक से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। इससे जीवन प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।