बढ़ती सर्दी को लेकर लखनऊ नगर निगम अलर्ट, रैन बसेरों का निरीक्षण कर दिए ये निर्देश
लखनऊ नगर निगम ने बढ़ती सर्दी को देखते हुए निराश्रितों के लिए रैन बसेरों की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने विभिन्न रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नगर निगम ने सर्दी के लिए रैन बसेरों की तैयारी तेज की।
नगर आयुक्त ने लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ रैन बसेरों का निरीक्षण किया।
एल्डिको रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सर्दी बढ़ने के साथ निराश्रितों और जरूरतमंदों को रात गुजारने में परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम ने रैन बसेरों की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शनिवार को लक्ष्मण मेला मैदान, जियामऊ और एल्डिको स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड बढ़ने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
लक्ष्मण मेला मैदान स्थित रैन बसेरे में ठहरने की क्षमता बढ़ाने के लिए दो नए कमरों का निर्माण कराया गया है। नगर आयुक्त ने शेष काम तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। जियामऊ स्थित रैन बसेरे में पेंटिंग, शीशे लगाने और अन्य जरूरी सुधार कार्य एक सप्ताह में पूरे कराने को कहा।
जोन-चार के एल्डिको स्थित रैन बसेरे में 120 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। जी प्लस थ्री भवन वाले इस रैन बसेरे में पुताई सहित अन्य काम चल रहे हैं। नगर आयुक्त ने सभी शेष कार्य प्राथमिकता से एक सप्ताह में पूरा कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने जोन-चार में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत निर्माणाधीन एनिमल केयर हास्पिटल का भी निरीक्षण किया।
मुख्य भवन का ढांचा तैयार हो चुका है और ईंटों की चिनाई का काम चल रहा है। परिसर में पशुओं के लिए कैनोपी, पार्क और बड़े पशुओं के लिए शेड सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जानी हैं। उन्होंने परियोजना को 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- परिसीमन से बदलेगा यूपी का सियासी गणित: लोकसभा की 120 और विधानसभा की 600 से अधिक हो सकती हैं सीटें
इसके अलावा अमृत योजना के तहत विकसित किए जा रहे चिनहट तालाब का भी जायजा लिया और शेष कार्य जल्द पूरा कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अविनाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वि.
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।