विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

घर खरीदने वालों के ल‍िए खुशखबरी, मोहनलालगंज टाउनश‍िप का Mahakumbh में होगा शुभारंभ, ऐसे करें रज‍िस्‍ट्रेशन

Published: Fri, 27 Dec 2024 12:26 PM (IST)

लखनऊ की बहुप्रतीक्षित नई जेल रोड मोहनलालगंज की टाउनशिप का 13 जनवरी को शुभारंभ होने जा रहा है। प्रयागराज में ...और पढ़ें

Mahakumbh में मोहनलालगंज टाउनश‍िप का शुभारंभ होगा।
Mahakumbh में मोहनलालगंज टाउनश‍िप का शुभारंभ होगा।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रयागराज महाकुंभ में सिर्फ धार्मिक अनुष्ठानों की आभा ही नहीं बिखरेगी, बल्कि आवासीय सुविधाओं का भी श्रीगणेश होगा। लखनऊ की बहुप्रतीक्षित नई जेल रोड मोहनलालगंज की टाउनशिप का 13 जनवरी को शुभारंभ होने जा रहा है। प्रयागराज में योजना के पहले चरण के 2000 भूखंडों की बिक्री का शुभारंभ होगा। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने योजना शुरू कराने की तैयारियां शुरू कर दी है।

शुभारंभ के साथ ही 13 जनवरी से भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू होगा, आवंटन लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। आवास विकास परिषद नई जेल रोड गोसाईगंज-मोहनलालगंज मार्ग पर 109.36 हेक्टेयर यानी 273.4 एकड़ भूमि पर नई टाउनशिप बसा रहा है। लैंड पूलिंग नियम के पायलट प्रोजेक्ट के तहत योजना में किसानों से भूमि ली गई है। अब तक करीब 90 प्रतिशत जमीन परिषद ले चुका है।

पहले चरण में शुरू होगी 2000 भूखंडों की बिक्री 

अपर आवास आयुक्त एवं सचिव डा. नीरज शुक्ल ने बताया क‍ि योजना के 40 प्रतिशत यानी करीब 2000 भूखंडों की बिक्री पहले चरण में शुरू होगी। समूची टाउनशिप में 5000 से अधिक भूखंड होंगे। इस योजना में 80 से लेकर 200 मीटर तक के भूखंड रखे गए हैं, भूमि का दाम 22 हजार रुपये वर्ग मीटर हाेने का अनुमान है। इसकी घोषणा महाकुंभ में ही की जाएगी।

म‍िलेंगी ये बड़ी-बड़ी सुव‍िधाएं

ऐसे में 17 से 18 लाख रुपये में 80 वर्ग मीटर का भूखंड खरीदा जा सकता है। डा. शुक्ल ने बताया कि पहले चरण में 350 किसानों को विकसित भूखंड दिए जाएंगे, किसानों के पास यह मौका होगा कि वे चाहें तो 60 वर्ग मीटर विकसित भूमि का परिषद से धन ले लें या फिर 20 वर्ग मीटर का धन परिषद में जमा करके 80 वर्ग मीटर का भूखंड खरीद लें। ज्ञात हो कि लैंड पूलिंग नियम में किसानों को जमीन देने के बदले 25 प्रतिशत विकसित भूखंड दिया जाता है। नई टाउनशिप में कई बड़े-बड़े पार्क, जलाशय सहित अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

अयोध्या, मेरठ आदि योजनाओं का भी होगा श्रीगणेश

नव्य अयोध्या के लिए परिषद रामनगरी में आवासीय योजना ला रहा है, वहां के भूखंडों की बिक्री का शुभारंभ भी महाकुंभ की धरती से होगा। साथ ही मेरठ की आवासीय योजना शुरू होगी। इसके अलावा प्रयागराज सहित अन्य शहरों में जिन फ्लैटों की बिक्री नहीं हो पा रही है उनके मूल्य में छूट देने की घोषणा भी की जाएगी। सचिव डा. शुक्ल ने बताया कि महाकुंभ में 45 करोड़ लोगों के आने का अनुमान है। उन्हें आवास विकास की योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टाल भी लगाया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Mahakumbh 2025: क्या आप जानते हैं महाकुंभ, अर्ध कुंभ और पूर्ण कुंभ के बीच का अंतर

ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की होगी ई-नीलामी

आवास विकास परिषद गाजियाबाद व लखनऊ क्षेत्र में पांच एकड़ से अधिक क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिग भूखंडों की अब ई-नीलामी कराएगा। लखनऊ में अवध विहार व वृंदावन योजना में कई ग्रुप हाउसिंग भूखंड लंबे समय से खाली पड़े हैं। वहीं आनलाइन नीलामी में भूखंड अच्छे दामों पर बिक रहे हैं। परिषद का नियम है कि पांच एकड़ से अधिक क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखंडों को टू बिड सिस्टम के तहत निविदा ली जाए। इसमें समय अधिक लगने के साथ ही कई बार खरीदार तक नहीं मिल रहे। बोर्ड ने निर्णय लिया है कि गाजियाबाद व लखनऊ क्षेत्र में ऐसे भूखंडों को ई-नीलामी के तहत बेचा जाए।

यह निर्णय भी अहम

  • आवास विकास परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों व पेंशनरों को एक जुलाई 2014 से 53 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा।
  • परिषद में विधि परामर्शदाता के पद पर नियुक्ति करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृत किया गया है।
  • अवर अभियंता विद्युत के पद पर तैनात 21 अभियंताओं को जेई सिविल के पद पर भेजा जाएगा।
  • कनिष्ठ सहायक की भर्ती अधीनस्थ चयन आयोग से होती है, उनमें 65 प्रतिशत पद सीधी भर्ती व 35 प्रतिशत पद प्रमोशन से भरे जाएंगे।
  • बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष में आय व्यय का ब्योरा रखा गया, परिषद की 1406 करोड़ की आय, 1214 करोड़ का व्यय हुआ है।

यह भी पढ़ें: Maha Kumbh Mela 2025: जयकारों के बीच अग्नि अखाड़ा का छावनी प्रवेश, पुष्पवर्षा से हुआ जोरदार स्वागत; देखें तस्वीरें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।