लखनऊ के यात्रियों की हुई मौज, मेट्रो 'गो स्मार्ट कार्ड' को लेकर UPMRC ने दिया बड़ा अपडेट
यूपीएमआरसी ने लखनऊ मेट्रो के गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी में बदलने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तक बढ़ा दी ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी में बदलने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तक बढ़ी।
निःशुल्क रूपांतरण से अन्य शहरों की मेट्रो और सेवाओं में उपयोग संभव।
लखनऊ मेट्रो यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट एनसीएमसी पर भी जारी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। गो स्मार्ट कार्ड को नेशनल कामन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) में बदलने की अंतिम तिथि को एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। अब मेट्रो से सफर करने वाले यात्री 30 अक्टूबर तक अपने गो स्मार्ट कार्ड को निश्शुल्क एनसीएमसी में बदल सकेंगे।
यूपीएमआरसी ने 21 जुलाई को गो स्मार्ट कार्ड को निश्शुल्क एनसीएमसी में बदलने की योजना शुरू की थी। इस एनसीएमसी से यात्री दूसरे शहरों की मेट्रो में भी सफर कर सकेंगे। लखनऊ मेट्रो ने करीब डेढ़ लाख गो स्मार्ट कार्ड जारी किए थे। इसमें से लगभग 80 हजार कार्ड सक्रिय थे।
यूपीएमआरसी ने इनको बदलकर निश्शुल्क एनसीएमसी जारी करने के लिए कई मेट्रो स्टेशनों पर व्यवस्था की गई है। अब तक 62 हजार यात्रियों ने अपने कार्ड को एनसीएमसी में बदल दिया है। अब भी बड़ी संख्या में यात्रियों के कार्ड नहीं बदले जा सके हैं। इसे देखते हुए ही यूपीएमआरसी एनसीएमसी को बदलने के लिए अंतिम तिथि बार-बार बढ़ा रहा है। अब इस अंतिम तिथि को 30 अक्टूबर को बढ़ा दिया गया है।
यात्रियों को अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में उपलब्ध पूरी शेष राशि पहले उपयोग करना होगा। इसके बाद यात्री को मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर पुराने गो स्मार्ट कार्ड का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के बाद यात्री को जमा करने की रसीद प्रदान की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सर्दी की आहट के साथ बिगड़ी लखनऊ की हवा, AQI 250 पार; सेहत पर गहराते संकट से बढ़ी लोगों की चिंता
इसके पश्चात यात्री को अपना पुराना गो स्मार्ट कार्ड और जमा रसीद स्टेशन पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक कियोस्क पर जमा करना होगा। मोबाइल ओटीपी सत्यापन के बाद यात्री को नया एनसीएमसी कार्ड निःशुल्क जारी किया जाएगा। इसका उपयोग एनसीएमसी स्वीकार करने वाली देश की अन्य मेट्रो, बसों, पार्किंग और रिटेल सेवाओं में भी किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- गिरफ्तारी के बाद भी नहीं ढीले पड़े श्रद्धा दुबे के तेवर, हजरतगंज कोतवाली में दिखा रैंप वॉक जैसा अंदाज
एनसीएमसी में भी लखनऊ मेट्रो की हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। नए एनसीएमसी 100 रुपये देकर जारी हो सकेंगे। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा एनसीएमसी से हम लखनऊवासियों के दैनिक आवागमन को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाएंगे।
