विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ मेट्रो के चारबाग-वसंतकुंज कॉरिडोर के लिए जल्द शुरु होगी सुरंगों की खोदाई, विदेश से आएंगी 3 TBM मशीनें

Published: Mon, 02 Nov 2026 02:29 PM (IST)

लखनऊ मेट्रो के चारबाग-वसंतकुंज ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के भूमिगत सेक्शन का काम 20 नवंबर के बाद शुरू होगा, जिसके लिए विदेश से तीन टनल बोरिंग मशीनें (टीबीएम) लखनऊ पहुंचेंगी।

लखनऊ मेट्रो

लखनऊ मेट्रो

HighLights

  1. चारबाग-वसंतकुंज भूमिगत कॉरिडोर का काम 20 नवंबर से शुरू।

  2. विदेश से तीन टनल बोरिंग मशीनें (टीबीएम) लखनऊ पहुंचेंगी।

  3. पांडेयगंज देश का सबसे गहरा, डबल स्टोरी मेट्रो स्टेशन।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। चारबाग से वसंतकुंज तक ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के भूमिगत सेक्शन का काम 20 नवंबर के बाद शुरू हो जाएगा। चयनित कंपनी सात किलोमीटर लंबे भूमिगत सेक्शन के लिए एक साथ तीन स्थानों से खोदाई शुरू करेगी। इसके लिए तीन टनल बोरिंग मशीनें (टीबीएम) भी दो सप्ताह के भीतर लखनऊ पहुंच जाएंगी। इन टीबीएम को विदेश से मंगाया गया है।

यूपीएमआरसी ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के कुल 11.12 किलोमीटर लंबे सेक्शन को दो चरणों में तैयार करेगा। इसके तहत 4.6 किलोमीटर के एलिवेटेड और 6.52 किलोमीटर लंबे भूमिगत सेक्शन के लिए अलग-अलग कंपनियों को टेंडर दिए गए हैं। दोनों कार्य एक साथ शुरू होंगे। जिससे तय 36 माह में यह कार्य पूरा हो जाएगा। भूमिगत सेक्शन पर सात और एलिवेटेड सेक्शन पर पांच स्टेशन होंगे।

चारबाग मेट्रो स्टेशन से चौक मेट्रो स्टेशन तक लगभग 6.52 किमी लंबे भूमिगत सेक्शन के लिए पिछले माह ही यूपीएमआरसी ने 1,632 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए एफकांस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को चयनित किया है। भूमिगत सेक्शन के लिए चारबाग, लखनऊ सिटी स्टेशन के पास और चौक में एक साथ टीबीएम को उतारा जाएगा।

टीबीएम के लिए पिट बनाने का काम जल्द शुरू हो जाएगा। अमीनाबाद, पांडेयगंज और चौक सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्र हैं, जहां से मेट्रो को लेकर सबसे अधिक सावधानी बरतनी होगी।

इस कॉरिडोर का पांडेयगंज देश का पहला मेट्रो स्टेशन होगा जहां प्लेटफॉर्म डबल स्टोरी का होगा। यहां मेट्रो ऊपर-नीचे आएंगी। यह देश का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन भी होगा। अब तक यह रिकॉर्ड हावड़ा मेट्रो स्टेशन के नाम दर्ज है। जिस स्थान पर पांडेयगंज स्टेशन बनेगा उसके एक छोर पर नाला और दूसरी तरफ रेल लाइन है। ऐसे में स्टेशन 35 से 38 मीटर नीचे बनाया जाएगा। पांडेयगंज पांच मंजिला स्टेशन होगा।

ऐसे बनेगा ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर

  • 5,801 करोड़ रुपये होगी कॉरिडोर की अनुमानित लागत
  • 11.12 किलोमीटर होगी ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर की लंबाई
  • 4.6 किलोमीटर होगा एलिवेटेड सेक्शन
  • 6.52 किलोमीटर का होगा भूमिगत सेक्शन
  • 5 एलिवेटेड स्टेशनों का 453 करोड़ का टेंडर जून में चयनित कंपनी को आवंटित
  • 7 भूमिगत स्टेशन के सिविल कार्य का 1632 करोड़ रुपये का टेंडर भी आवंटित
  • 90 किलोमीटर प्रति घंटा अधिकतम होगी गति
  • 2030 में पूरा हो जाएगा यह कॉरिडोर

ऐसे बढ़ते जाएंगे यात्री

वर्ष - यात्री प्रतिदिन

  • 2030- 321958
  • 2041 - 420140
  • 2051 - 446729
  • 2055 - 448519

इन स्टेशनों से यात्रा करेंगे इतने यात्री

स्टेशन का नाम वर्ष 2030 वर्ष 2041 वर्ष 2051
चारबाग 35,301 46,172 49,094
गौतम बुद्ध मार्ग 15,841 33,474 35,592
अमीनाबाद 33,138 43,785 46,556
पांडेयगंज 43,932 50,337 53,523
सिटी रेलवे स्टेशन 17,430 24,297 25,835
मेडिकल चौराहा 26,999 35,581 37,833
चौक 62,839 72,863 77,474
ठाकुरगंज 31,269 44,688 4,75,116
बालागंज 35,980 41,601 44,234
सरफराजगंज 6,804 11,298 12,013
मूसाबाग 7,994 9,205 9,788
वसंतकुंज 4,998 6,489 6,900

यह भी पढ़ें- लखनऊ में लूलू मॉल के पास क्लब के बाहर ट्रांसजेंडर और युवकों में विवाद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।