विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में घर बनाने का सपना होगा पूरा, वरुण विहार और नैमिष नगर में 4000 प्लॉटों का नया पंजीकरण

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:33 PM (IST)

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) जल्द ही वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं में 4000 भूखंडों के लिए दूसरे चरण का पंजीकरण शुरू करेगा। पहले चरण में भूखंड न पाने वाले आवेदकों से सहमति पत्र लिए जा रहे हैं, जिसके बाद यूपी रेरा की मंजूरी मिलते ही बुकिंग शुरू होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. एलडीए वरुण विहार, नैमिष नगर में 4000 प्लॉट लाएगा।

  2. पहले चरण के असफल आवेदकों को मिलेगा दोबारा मौका।

  3. यूपी रेरा की मंजूरी के बाद शुरू होगा नया पंजीकरण।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। आगरा एक्सप्रेसवे की वरुण विहार व सीतापुर रोड की नैमिष नगर योजना के पहले चरण में जिन लोगों को भूखंड नहीं मिल सके वह निराश न हो। एलडीए जल्द ही दोनों योजनाओं के लिए दूसरे चरण का पंजीकरण खोलेगा।

इस बार भूखंडों की संख्या चार हजार होने की उम्मीद है। इन दिनों उन लोगों से सहमति पत्र भरवाया जा रहा है जिन्हें पहले चरण की लाटरी में भूखंड नहीं मिल सका था। यह प्रक्रिया पूरा होते ही नया पंजीकरण शुरू कराया जाएगा।

वरुण विहार योजना सदर व सरोजनी नगर तहसील के 12 गांवों में 6580 एकड़ में प्रस्तावित है। इसमें ग्रीन बेल्ट, पार्क व 980 एकड़ में जल निकाय, 300 एकड़ में लाजिस्टिक्स पार्क सहित मिश्रित, व्यावसायिक व संस्थागत उपयोग क्षेत्र होगा। 2800 रुपये वर्ग फीट की योजना में पहले चरण में 2847 भूखंडों का पंजीकरण और लाटरी हो चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था शुभारंभ 

इसी तरह से बख्शी के तालाब के पास नैमिष नगर योजना 4100 एकड़ में आकार लेगी। इसमें चौड़ी सड़कें, पार्क व ग्रीन बेल्ट, स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक केंद्र, एसटीपी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की जाएगी। 3800 रुपये वर्ग फीट की दर से 1673 भूखंडों की लाटरी हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि योजना का शुभारंभ 24 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।

यह भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बड़ा विमान हादसा, CISF-रेस्क्यू टीमों ने संभाला मोर्चा; पहुंचीं जांच एजेंसियां

पहले चरण में 38457 लोगों ने पंजीकरण कराया था, इसमें सर्वाधिक संख्या वरुण विहार योजना के लिए रही। इनमें से 4520 को ही भूखंड मिलने पर अधिकांश खाली हाथ रह गए थे इसीलिए एलडीए ने पहली बार के दावेदारों को अवसर दिया है कि वे बिना पंजीकरण शुल्क जमा किए और बुकलेट खरीदे बगैर दूसरी बार पंजीकरण करा सकते हैं, इसके लिए उनसे आनलाइन सहमति पत्र लिया जा रहा हैं।

अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया, एलडीए यूपी रेरा से अनुमोदन का इंतजार कर रहा है। इसके बाद दोनों योजनाओं में भूखंडों की बुकिंग शुरू होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।