विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ का महाविस्तार: LDA का दायरा दोगुणा करने का रास्ता साफ, शामिल होंगे 484 नए गांव

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:30 AM (IST)

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का दायरा दोगुना होने जा रहा है, जिसमें 484 नए गांवों को शामिल किया जाएगा, जिससे कुल 662 गांव एलडीए की परिधि में आ जाएंगे। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. एलडीए का दायरा दोगुना, 484 नए गांव शामिल होंगे।

  2. अवैध प्लाटिंग, अनियोजित निर्माण पर लगेगी लगाम।

  3. नियोजित विकास, पुरानी कॉलोनियों का होगा नियमितीकरण।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। आखिरकार दो साल बाद एलडीए का अब तक का सबसे बड़ा विस्तार होने का रास्ता साफ हो गया है। आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में मंगलवार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्राधिकरण का दायरा बढ़कर दोगुणा होगा।

इस कदम से लखनऊ जिले में हो रही अवैध प्लाटिंग और बेतरतीब निर्माण पर लगाम लगेगी। एलडीए की परिधि में 178 पुराने व 484 नए गांव जुड़ने से कुल 662 गांव होंगे। प्राधिकरण ने विस्तार का प्रस्ताव भेज दिया है। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी होने पर क्षेत्रफल बढ़ जाएगा।

उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण का दावा था कि आवासीय, व्यावसायिक योजनाओं में लखनऊ ने गौतमबुद्ध नगर व गाजियाबाद जैसे घर बनाने के पसंदीदा क्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया है।

जमीनों की कीमतें कई गुणा बढ़ईं 

राजधानी का शहरी क्षेत्र पिछले एक दशक में तेजी से फैला है। रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, किसान पथ, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के बनने के बाद जमीनों की कीमतें कई गुणा बढ़ गईं।

इसका फायदा उठाकर कई जगहों पर बिना लेआउट स्वीकृति के ही प्लाटिंग शुरू कर दी गई। सड़क, नाली, सीवर, पार्क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के बिना ही कालोनियां बनी। कई बार रास्ते तक के लिए विवाद होता रहा है।

एलडीए अफसरों का कहना है कि विस्तार का सबसे बड़ा उद्देश्य यही है कि विकास पहले नियोजित तरीके से हो, ताकि समस्याओं को सुलझाने में समय व पैसा न खर्च करना पड़े।

किसी को नहीं भेजा जाएगा नोटिस, पुराने निर्माण होंगे वैध

एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि प्राधिकरण पुराने निर्माण जो पहले से नियमानुसार हो चुके हैं, को वैध मानेगा। लेकिन, नए निर्माण के लिए एलडीए के नियम लागू होंगे। क्षेत्र विस्तार होने पर किसी को कोई नोटिस नहीं भेजा जाएगा। यह जरूर है कि अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृति के हो रहे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विस्तार के बाद 484 गांवों में भी भवन मानचित्र की स्वीकृति एलडीए से होगी। अभी तक इन गांवों में जिला पंचायत से नक्शा पास कराकर निर्माण होता था। विस्तार होने पर निर्माण की अनुमति, लेआउट स्वीकृति व विकास कार्यों की निगरानी एलडीए करेगा। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर नजर रहेगी और अवैध निर्माण पर समय रहते रोक लग सकेगी।

जिले में बढ़ेंगी आवासीय कालोनियां, पुरानी होंगी नियमित

विस्तार से एलडीए नए क्षेत्रों में नियोजित आवासीय योजनाएं ला सकेगा। सेक्टर विकसित होने से लोगों को बेहतर सड़क, पार्क, सामुदायिक केंद्र, स्कूल और बाजार की सुविधा मिलेगी। कनेक्टिविटी बेहतर होने से इन इलाकों का विकास और तेज होगा।

नियमानुसार बनी कालोनियां नियमित हो सकेंगी, क्योंकि अभी एलडीए के बाहर होने के कारण कई कालोनियों का नियमितीकरण अटका हुआ था। विस्तार के बाद प्राधिकरण उन कालोनियों का सर्वे कराकर पात्रता के आधार पर नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू कर सकेगा।

विस्तार होने से जमीन का अधिग्रहण नहीं होगा

एलडीए विस्तार को लेकर किसानों व जमीन स्वामियों में भी कई सवाल हैं। अधिकारियों का कहना है कि गांवों के शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि जमीन का अधिग्रहण कर लिया जाएगा। अधिग्रहण के लिए अलग से अधिसूचना और मुआवजे का प्रविधान है।

विस्तार का मतलब केवल यह है कि अब वहां निर्माण और विकास एलडीए के नियमों के अनुसार होगा। जमीन की कीमतों में स्थिरता आएगी और अवैध प्लाटिंग के कारण होने वाले विवाद कम होंगे।

एलडीए बोर्ड ने पांच जुलाई 2024 को दिया था मंजूरी

एलडीए बोर्ड ने पांच जुलाई 2024 को 181वीं बैठक में अपने अधिकार क्षेत्र में 662 राजस्व गांवों को लाने का प्रस्ताव दिया था। इसमें नियोजित विकास को बढ़ाने के लिए अतिरिक्त ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों को परिधि में लाना जरूरी बताया गया था, क्योंकि एलडीए के पास अब भूमि का लैंड बैंक नहीं बन रहा था।

असल में 2014 में एलडीए के किए गए विस्तार में नगर निगम क्षेत्र सहित 178 गांवों को मिलाकर 1051 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल ही दायरे में था, जबकि लखनऊ जिले का क्षेत्रफल 2528 वर्ग किलोमीटर है व कुल 662 गांव एलडीए की परिधि से बाहर थे।

इसीलिए एलडीए ने प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजकर लखनऊ इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथारिटी (एलआइडीए) और कैंटोनमेंट एरिया को छोड़कर लखनऊ जिले के बाकी शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपना अधिकार क्षेत्र बढ़ाने की मंजूरी मांगी थी, ताकि बिना प्लान के हो रहे विकास को रोककर इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने और अनियोजित कालोनियों पर अंकुश लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- अब घर बैठे बनेगा बर्थ सर्टिफिकेट: प्रयागराज-गोरखपुर के बाद लखनऊ वालों को मिलेगी खास सुविधा, ये रही पूरी डिटेल

एलडीए ने जो प्रस्ताव सरकार को भेजा था वह कदम भी पांच जुलाई 2022 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद जारी किए गए निर्देशों के बाद उठाया गया था।

विस्तार योजना में थे छह ब्लॉक, 10 नगर पंचायतें

प्रस्ताव में सरोजनी नगर, काकोरी, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, गोसाईगंज और मोहनलालगंज समेत छह विकासखंड के बाकी इलाकों के साथ पूरा माल ब्लाक भी शामिल था। इसमें 10 नगर पंचायतों महोना, इटौंजा, मलीहाबाद, नगराम, अमेठी, काकोरी, बख्शी का तालाब, मोहनलालगंज, बंथरा और गोसाईंगंज को भी शामिल करना था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।