अनंत नगर योजना: लखनऊ में 447 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन, हजारों आवेदकों को मिला मौका
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अनंत नगर आवासीय योजना के 447 भूखंडों का लाटरी के माध्यम से आवंटन किया।

HighLights
एलडीए ने अनंत नगर योजना के 447 भूखंडों का लाटरी से आवंटन।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 7314 आवेदकों के लिए लाटरी ड्रा।
मंगलवार को अन्य श्रेणी के भूखंडों का भी लाटरी से आवंटन।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए की अनंत नगर आवासीय योजना के 447 भूखंडों का सोमवार को लॉटरी से आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में 7314 आवेदकों के मध्य लॉटरी ड्रॉ की पर्चियां निकाली गयीं। अब मंगलवार को भी अन्य श्रेणी के भूखंडों की लॉटरी निकाली जाएगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना का विकास 785 एकड़ क्षेत्रफल में किया जा रहा है। जहां चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित होगी। लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा।
उपाध्यक्ष ने बताया, अनंत नगर योजना में पहले चार चरणों में 1700 भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। उस समय 35 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। पांचवें चरण में आशीष खंड के 520 भूखंडों के लिए नौ अगस्त से नौ सितंबर तक आनलाइन पंजीकरण खोला गया था। इसके सापेक्ष 8728 लोगों ने पंजीकरण कराया था।
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि लॉटरी ड्रॉ में पहले दिन 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 447 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन किया गया। अब मंगलवार को 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 35 व 162 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 38 भूखंडों का लॉटरी ड्रॉ किया जाएगा। यहां संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार एवं अतुल कृष्ण सिंह, विशेष कार्याधिकारी रोहित सिंह व अनुभाग अधिकारी अतुल कपूर आदि मौजूद रहे।
