सुशांत गोल्फ सिटी में एलडीए मुक्त करेगा बंधक भूमि, हजारों आवंटियों को मिलेगा आशियाना
लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी में बंधक भूमि मुक्त होने से 5000 से अधिक आवंटियों को राहत मिलेगी।

HighLights
सुशांत गोल्फ सिटी में बंधक भूमि अब मुक्त होगी।
एलडीए अर्ध-विकसित भूखंडों का विकास स्वयं कराएगा।
पांच हजार से अधिक आवंटियों को आशियाना मिलने की राह खुली।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में सुशांत गोल्फ सिटी में हाईटेक टाउनशिप का सपना अब धरातल पर आकार लेगा। परियोजना की बंधक भूमि को खरीदने वाले असमंजस में रहे हैं, सिर्फ उन्हें ही राहत नहीं मिलेगी, बल्कि अर्ध विकसित व अविकसित क्षेत्र में बंधक भूखंडों का विकास भी एलडीए कराएगा।
इस कदम से टाउनशिप में पांच हजार से अधिक आवंटियों को आसानी से आशियाना मिल सकेगा, क्योंकि अभी तक 4690 एकड़ में से आधी से कम भूमि का आवंटन हो सका है। एलडीए बाकी भूमि को भी विकसित कराएगा।
मेसर्स अंसल प्रापर्टी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की अधिसूचित टाउनशिप में सिर्फ एलडीए में गारंटी के तौर पर बंधक रखे गए भूखंड ही नहीं हैं, बल्कि योजना में सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, नगर निगम, आवास विकास परिषद, ग्राम समाज सहित अन्य भू-भाग हैं। इसके अलावा ऐसी भी जमीनें हैं जो किसानों से ली गई हैं।
बंधक भूमि को मुक्त करने का निर्णय
एलडीए ने धोखाधड़ी के शिकार आवंटियों को राहत देने के लिए बंधक भूमि को मुक्त करने का निर्णय लिया है। जो जमीनें परियोजना में दूसरी संस्थाओं की भी हैं वह भी वैध हो सकती हैं। धोखे से जिन भूखंडाें को बेचा जा चुका है और उनकी रजिस्ट्री हो चुकी है ऐसे भूखंड स्वामी के पक्ष में मुक्त किया जाएगा। इस पर कैबिनेट 15 सितंबर को ही मुहर लगा चुका है।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार योजना में अर्ध विकसित, अविकसित क्षेत्र में बंधक भूखंडों को विकसित कराने का खाका खींचा जा चुका है, इन भूखंडों का पूर्णता प्रमाणपत्र सेक्टर या पाकेट के हिसाब से जारी किया जाएगा। यह जरूर है कि प्राधिकरण बोर्ड की ओर निर्धारित शुल्क के बराबर गारंटी प्राधिकरण में जमा करनी होगी। जमा करने वाली धनराशि कितनी होगी यह अभी साफ नहीं है, जल्द ही जारी होने वाले शासनादेश में स्पष्ट प्रविधान होगा।
