लखनऊ जेल में कैदी की आत्महत्या के मामले में दो कर्मचारी सस्पेंड, लापरवाही पर कार्रवाई
लखनऊ की आदर्श कारागार में पत्नी की हत्या के दोषी एक कैदी ने आत्महत्या कर ली। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो जेल कर्मचारियों को निलंबित किया गया है और एक वार्डर के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कैदी ने आदर्श कारागार में चादर से फंदा बनाकर आत्महत्या की।
पत्नी हत्या का दोषी कैदी आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
ड्यूटी में लापरवाही पर दो जेल कर्मचारी निलंबित, एक पर कार्यवाही।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। आदर्श कारागार में पत्नी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की आत्महत्या के मामले में जेल प्रशासन ने कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में अनलाकिंग प्रभारी मदन गोपाल और बैरक प्रभारी राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। जेल वार्डर अतीक अहमद के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।
मूलरूप से बस्ती के लालगंज स्थित बनकटी निवासी राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम (32) ने बुधवार सुबह बैरक के पीछे बने शौचालय में पाइप से चादर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। वह पत्नी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसे 29 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर की जेल से लखनऊ के आदर्श कारागार में स्थानांतरित किया गया था।
जेल प्रशासन के अनुसार, बुधवार सुबह छह बजे नियमित गिनती में सभी कैदी मौजूद थे। करीब 15 मिनट बाद दोबारा गिनती की गई तो राजू गायब मिला। तलाश के दौरान उसका शव बैरक के पीछे शौचालय में फंदे से लटका मिला। उसे नीचे उतारकर डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के 12381 बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन का इंतजार, दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर
घटना की जानकारी कैदी के स्वजन को दी गई थी। हालांकि, शुरुआत में ज्यादातर स्वजन ने आने में असमर्थता जताई थी। बाद में उसकी बहन ने शव लेने के लिए आने की सहमति दी थी।