विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जागरण संवादी 2026: फिल्म स्टार सलमान खान ने साझा किया संघर्ष के दिनों से सुपरस्टार बनने तक का अनुभव

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:59 PM (IST)

Lucknow Jangran Samvadi 2026: सलमान खान की काफी देर से प्रतीक्षा कर रहे दर्शकों को जब यह पता चला कि वह लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर चुके हैं तो उनका उत्साह देखने लायक था।

अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह

अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह

HighLights

  1. सलमान खान अपने फैन्स से कहा-जब तक आपका प्यार है, तब तक मैं हूं

  2. सलमान ने अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के साथ अपनी आने वाली फिल्म मातृभूमि पर भी की बात

महेन्द्र पाण्डेय, लखनऊ। सामने बड़ी संख्या में प्रशंसक हों, तालियों और सीटियों से सभागार गूंज रहा हो और हर कोई अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने को बेताब हो, ऐसे में भी सलमान खान के लिए स्टारडम का मतलब कुछ और है। वह इसे अपनी उपलब्धि नहीं, प्रशंसकों की पसंद और प्यार मानते हैं।

जागरण संवादी के पांचवें एवं विशेष सत्र में अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने नयन दीप रक्षित ने अपनी आने वाली फिल्म मातृभूमि के साथ सिनेमा व जिंदगी के उन पहलुओं पर भी बातें कीं, जो अक्सर पर्दे के पीछे रह जाते हैं।

सलमान खान की काफी देर से प्रतीक्षा कर रहे दर्शकों को जब यह पता चला कि वह लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर चुके हैं तो उनका उत्साह देखने लायक था। संचालक नयन दीप रक्षित ने माइक संभाला और सलमान का जैसे ही अभिवादन किया, दर्शक अपने रौ में आ गए।

संवाद में सलमान ने स्टारडम की परिभाषा समझाते हुए कहा कि एक फैन और स्टार के बीच एक डील होती है। आप मुझे पसंद करते हैं, इसलिए थिएटर में आते हैं। जिस दिन आपने मुझे पसंद करना बंद कर दिया, उस दिन सुपरस्टारडम भी नहीं रहेगा। जब तक मेरा काम आपको पसंद आ रहा है और आप मुझे थिएटर में देखने आ रहे हैं, तब तक मैं हूं। उनके इस जवाब पर सभागार तालियों और सीटियों से गूंज उठा।

भीड़ के उत्साह के बीच कई बार उन्हें सुनने के लिए लोगों से शांत रहने की अपील करनी पड़ी। सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी सलमान हमेशा काम करना चाहते हैं। बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि 15 वर्ष की उम्र से उनकी प्रार्थना रही कि उन्हें काम मिलता रहे। यही वजह है कि एक दिन भी काम नहीं करने पर उन्हें लगता है कि वह नाशुक्रे हो रहे हैं।

बहुत पसंद आई थी मैंने प्यार किया की कहानी

फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए सूरज बड़जात्या से मुलाकात का किस्सा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि कहानी उन्हें बेहद पसंद आई थी। जब उन्हें लगा कि वह इस फिल्म के लिए सही कलाकार नहीं हैं तो उन्होंने अपने दो-तीन दोस्तों के नाम सुझा दिए। उनका कहना था कि अगर उन्हें काम नहीं मिलता तो किसी दोस्त को मिल जाता, लेकिन फिल्म के लिए सही कलाकार जरूर चुना जाना चाहिए।

कभी उनकी ख्वाहिश सिर्फ दस लाख रुपये कमाने की थी

सलमान खान ने अपने शुरुआती सपने के बारे में बताया कि कभी उनकी ख्वाहिश सिर्फ दस लाख रुपये कमाने की थी। यह सपना उन्होंने 30-40 वर्ष पहले ही पूरा कर लिया। अब अगर सब कुछ छिन भी जाए तो वह खुद को फायदे में मानेंगे। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और नकारात्मक टिप्पणियों के सवाल पर सलमान ने कहा कि हर किसी का आपको पसंद करना जरूरी नहीं है। किसी को वह पसंद नहीं हैं तो उन्हें इससे परेशानी नहीं है। बालीवुड में नई पीढ़ी के कलाकारों और बदलते रिश्तों पर चर्चा के दौरान सलमान से पूछा गया कि क्या कभी वह शाहरुख और आमिर खान के साथ एक फिल्म में नजर आएंगे। इस पर उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, पासिबल है। साइन करते-करते मिल जाएगा। जवाब सुनते ही सभागार में तालियां गूंज उठीं।

35 रुपये की पहली कमाई, पीछे खड़े होकर किया था डांस

सलमान ने अपनी पहली कमाई का किस्सा सुनाया तो सभागार में ठहाके लगने लगे। उन्होंने बताया कि ताजमहल में आयोजित एक कार्यक्रम में डांस प्रस्तुति के लिए उन्हें 35 रुपये मिले थे। वह अच्छा डांस नहीं करते थे, इसलिए उन्हें पीछे खड़ा किया गया था। उसी प्रस्तुति से उनकी पहली कमाई हुई। इस छोटे से प्रसंग के जरिए उन्होंने सफलता का बड़ा मंत्र भी दिया। बोले, जिंदगी में एक कदम आगे बढ़ाइए और फिर दूसरा कदम उससे आगे रखिए। लोग नीचा दिखाने या गिराने की कोशिश करें, तब भी रुकिए नहीं। धीरे चलें, दौड़ें, गिरें या उठें, लेकिन अपने सपने की ओर बढ़ते रहें।

दिल का काम धड़कना, फैसले दिमाग से कीजिए

जीवन में सही फैसले लेने के सवाल पर सलमान ने अपने खास अंदाज में कहा कि वह दिल से सोचने में विश्वास नहीं करते। दिल का काम खून पंप करना है, सोचने का काम दिमाग करता है। इसलिए फैसले लेते समय दिमाग का इस्तेमाल करना चाहिए और सही-गलत के बीच फर्क समझना चाहिए। व्यवहार और रिश्तों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ के साथ बदतमीजी करना गलत है तो किसी कनिष्ठ को दबाना भी उतना ही गलत है। सहकर्मियों के साथ भी सम्मान से पेश आना चाहिए। यह संस्कार उन्हें बचपन से माता-पिता ने दिए हैं। उन्होंने बताया कि उनके घर में सहयोगियों के साथ भी अपनेपन का व्यवहार होता है। सभी के लिए एक जैसा खाना बनता है और सब साथ बैठकर खाते हैं।

21 लाख की पेंटिंग नहीं जंची तो खुद उठाया ब्रश

सलमान की पेंटिंग के शौक के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। उन्होंने बताया कि उनके पालतू कुत्ते माइकल की पेंटिंग बनवाने के लिए एक कलाकार को बुलाया था। कलाकार ने तस्वीर बनाई, लेकिन उसमें माइकल उन्हें कुत्ते जैसा ही नजर आया। पेंटिंग की कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई। सलमान ने सोचा कि इतने पैसे खर्च करने से बेहतर है कि कुछ सौ रुपये में कैनवास और रंग खरीदकर खुद ही पेंटिंग बनाई जाए। यहीं से उनकी पेंटिंग की यात्रा दोबारा शुरू हुई। उन्होंने बताया कि शूटिंग के बीच समय मिलने पर वह पेंटिंग करते हैं। क्रिकेट, फुटबाल, स्विमिंग और साइकिलिंग भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा हैं। उन्होंने शिव, बुद्ध और मदर टेरेसा सहित कई विषयों पर चित्र बनाए हैं। दोस्तों को अपनी पेंटिंग उपहार में भी देते रहे हैं।

घर में मनाए जाते हर धर्म के त्योहार

सलमान ने अपने परिवार की विविधता और सांस्कृतिक परंपराओं का जिक्र करते हुए बताया कि उनके घर में हर धर्म के त्योहार मनाए जाते हैं। परिवार में अलग-अलग धार्मिक पृष्ठभूमि और परंपराओं के लोग हैं। आपसी सम्मान और सभी त्योहारों को साथ मनाना उनके घर की खासियत है।

छोटे से सपने से कहीं आगे पहुंची चित्रांगदा

चित्रांगदा सिंह ने बताया कि उनका सपना कभी अभिनेत्री बनने या मुंबई आकर फिल्म स्टार बनने का नहीं था। वह तो सिर्फ ऐसी कार खरीदना चाहती थीं, जिसकी खिड़की का शीशा एक बटन दबाने से ऊपर हो जाए। जिंदगी ने उन्हें उस छोटे से सपने से कहीं आगे पहुंचा दिया।
चित्रांगदा ने बताया कि वह खुद को फुलटाइम प्रोड्यूसर नहीं, बल्कि पैशन प्रोड्यूसर मानती हैं। उन्होंने फिल्म 'सूरमा' का जिक्र किया, जिसमें दिलजीत दोसांझ ने अभिनय किया था। साथ ही एक अन्य फिल्म के सह-निर्माण की जानकारी दी, जो अगले वर्ष रिलीज हो सकती है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ जागरण संवादी के मंच पर सलमान खान बोले, बड़ी ही स्पेशल फिल्म है, मातृभूमि जिसका नाम है

यह भी पढ़ें- दैनिक जागरण संवादी में अभिनेता पीयूष मिश्रा, बोले- सच बोलने से मत डरिए और आपत्ति करना मत छोड़िए

यह भी पढ़ें- दैनिक जागरण संवादी में अभिनेता पीयूष मिश्रा, बोले- सच बोलने से मत डरिए और आपत्ति करना मत छोड़िए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।