शराब के नशे में पति ने घरेलू विवाद में पत्नी का गला घोंटा, लखनऊ में सनसनीखेज वारदात
मोहनलालगंज के धनुवासाड़ गांव में घरेलू विवाद के चलते पति ने रस्सी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
मोहनलालगंज में पति ने पत्नी का गला घोंटा।
घरेलू विवाद और शराब के नशे में वारदात।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया।
जागरण टीम, लखनऊ। मोहनलालगंज के धनुवासाड़ गांव में बुधवार देर रात घरेलू विवाद में पति ने रस्सी से गला कसकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फारेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आरोपित को हिरासत में ले लिया।
धनुवासाड़ गांव निवासी राधाकृष्ण का बुधवार देर रात पत्नी रेखा देवी (40) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान राधाकृष्ण ने रस्सी से गला कसकर रेखा की हत्या कर दी। रात करीब 1:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के तीन बेटे और एक बेटी हैं। घटना के समय सभी बच्चे गांव के पास रामलीला मेला देखने गए थे। बड़े बेटे प्रभात गौतम ने पिता के खिलाफ तहरीर दी। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि आरोपित पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
