उत्तर प्रदेश में आयरन और उल्टी रोकने की दवा टेस्ट में फेल, ब्लैक लिस्ट में डाली गईं दो कंपनियां
सरकारी अस्पतालों के लिए खरीदी गई आयरन-फोलिक एसिड और उल्टी रोकने वाली दवाओं के 14 बैच गुणवत्ता जांच में फेल हो गए हैं।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
सरकारी दवाओं के 14 बैच गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए।
बायोजेनेटिक ड्रग्स और मैक्सकेम फार्मास्यूटिकल्स काली सूची में।
यूपीएमएससीएल ने तीन साल के लिए कंपनियों को ब्लैकलिस्ट किया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सरकारी अस्पतालों के लिए खरीदी गई आयरन-फोलिक एसिड और उल्टी रोकने वाली दवाओं के 14 बैच गुणवत्ता जांच में मानक विहीन पाए गए हैं।
इस पर उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमएससीएल) ने दवाओं की आपूर्ति करने वाली राजस्थान की बायोजेनेटिक ड्रग्स प्राइवेट लिमिटेड और उत्तराखंड की मैक्सकेम फार्मास्यूटिकल्स को तीन-तीन साल के लिए काली सूची में डाल दिया है। भुगतान भी रोक दिया गया है।
बायोजेनेटिक ड्रग्स को बच्चों और महिलाओं के लिए उपयोगी आयरन और फोलिक एसिड युक्त गोलियों की आपूर्ति का जिम्मा दिया गया था। जिसके 10 बैच गुणवत्ता जांच में फेल हो गए।
कंपनी के जिन 10 बैच की दवाओं को फेल माना गया। उनमें बैच नंबर 410424-बीयूपी 25, 150424-बीयूपी 25, 370424-बीयूपी 25, 320424-बीयूपी 25, 360424-बीयूपी 25, 420424-बीयूपी 25, 450424-बीयूपी 25, 490424-बीयूपी 25, 480424-बीयूपी 25 और 270424-बीयूपी 25 शामिल हैं।
वहीं, मैक्सकेम फार्मास्यूटिकल्स की उल्टी रोकने में इस्तेमाल होने वाली ओन्डैनसेट्रान एचसीएल-4 एमजी टैबलेट के चार बैच गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए। इनके बैच नंबर यूटी-24002, यूटी-24072, यूटी-2024006 और यूटी-2024009 हैं। इनकी गुणवत्ता को लेकर कंपनी को जनवरी और जून में नोटिस जारी किए गए, लेकिन उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए।
यूपीएमएससीएल की प्रबंध निदेशक जे रीभा ने बताया कि आयरन-फोलिक एसिड टैबलेट के नमूनों की शुरुआती जांच में खामियां मिलने पर दोबारा जांच करायी गयी। उसमें भी सभी 10 बैचों की गुणवत्ता खराब पायी गयी। इसके बाग कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
