विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनाली फोरलेन पर जल्द होगा सुहाना सफर, दवाड़ा से कुल्लू तक काम पकड़ेगा गति; प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने दी डेडलाइन

By Hansraj Saini Edited By: Rajesh Sharma
Published: Fri, 16 Oct 2026 06:34 AM (IST)

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सुरक्षा दीवारों और सुरंगों का काम तेज किया जा रहा है, जिसमें मानसून से पहले कार्य पूरा करने की डेडलाइन दी गई है।

एनएचएआई के नए परियोजना निदेशक मंडी आकाशदीप सिंह फोरलेन निर्माण कार्य की डिजाइन की जांच करते हुए।

एनएचएआई के नए परियोजना निदेशक मंडी आकाशदीप सिंह फोरलेन निर्माण कार्य की डिजाइन की जांच करते हुए।

HighLights

  1. सुरक्षा दीवारों का निर्माण मानसून से पहले पूरा करने का निर्देश।

  2. हणोगी सुरंग का डिजाइन एक सप्ताह में सत्यापित करें।

  3. सड़क किनारे पार्किंग पर सख्त कार्रवाई होगी।

जागरण संवाददाता, मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर जल्द ही सुहाना सफर होगा। मंडी के दवाड़ा से लेकर कुल्लू के मनाली तक ब्यास नदी के किनारे भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षा दीवारों के निर्माण कार्य को अब और तेज कर दिया गया है। निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कंस्ट्रक्शन कंपनियों को मानसून से पहले सभी सुरक्षा कार्य हर हाल में पूरे करने होंगे। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने और लेबर व मशीनरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

परियोजना निदेशक ने लिया जायजा

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के नए परियोजना निदेशक मंडी आकाशदीप सिंह ने कीरतपुर-मनाली और पठानकोट-मंडी फोरलेन पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा और कंपनियों को मशीनरी के साथ-साथ मजदूरों की संख्या बढ़ाने के भी स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि तय समयसीमा के भीतर कार्य को अमलीजामा पहनाया जा सके।

एक सप्ताह में हणोगी सुरंग का डिजाइन सत्यापित करें

निरीक्षण के दौरान एनएचएआई निदेशक ने तकनीकी पहलुओं को भी जांचा। उन्होंने आइआइटी वाराणसी के विशेषज्ञों को निर्देश दिए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर हणोगी सुरंग के डिजाइन को वेट (सत्यापित) करें, ताकि तीन माह के अंदर बायें ओर की सुरंग को यातायात के लिए खोला जा सके।

झलोगी टनल के डिजाइन को अंतिम रूप दें

इसके साथ ही कंस्ट्रक्शन कंपनी को झलोगी सुरंग के डिजाइन को भी जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि सुरंग निर्माण से जुड़े सभी चरण समय पर शुरू हो सकें।

वर्ष 2025 की आपदा में सुरंग का पोर्टल क्षतिग्रस्त हो गया था। अब इसका नए सिरे से निर्माण होगा। फोरलेन पर सुरक्षा और सुगम यातायात के मद्देनजर उचित मार्किंग करने और खराब पड़े स्पॉट को तुरंत ठीक करने के लिए भी कहा गया है।

पद्धर-बिजणी हाईवे पर हाइड्रा तैनात, पार्किंग पर होगी कार्रवाई

पद्धर से बिजणी सुपर हाईवे पर मैगल के पास एक हाइड्रा तैनात रहेगा, जिससे किसी भी भूस्खलन या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। इसके अलावा, सड़क किनारे या हाईवे पर रात के समय वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यहां आवाजाही सुगम बनी रहे और जाम की स्थिति पैदा न हो। कंस्ट्रक्शन कंपनी को लंबित कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि इस मार्ग को पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा सके। इस दौरान उपमहाप्रबंधक दिगव्रत सिंह भी साथ थे।

यह भी पढ़ें: शिमला-मटौर फोरलेन: घट्टा टोल प्लाजा पर बढ़ा विवाद, 7 पंचायतों के लोगों का एलान नहीं देंगे टैक्स