लखनऊ में ससुराल वालों ने छिपाया पति का बड़ा सच, अब 25 लाख के दहेज के लिए विवाहिता पर ढा रहे जुल्म
लखनऊ में एक विवाहिता ने पति पर गंभीर बीमारी छिपाकर शादी करने और बाद में 25 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पति ने गंभीर बीमारी छिपाकर विवाहिता से शादी की थी।
विवाहिता से 25 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की गई।
दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बाबू बनारसी दास (बीबीडी) थाना क्षेत्र में पति की गंभीर बीमारी छिपाकर शादी करने और बाद में 25 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। विवाहिता की शिकायत पर पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
जौनपुर निवासी तृप्ति सिंह की शादी दो दिसंबर 2022 को श्रवण सदन, राजाजीपुरम निवासी शशांक सिंह से हुई थी। वर्तमान में तृप्ति बीबीडी क्षेत्र स्थित ओमेगा ग्रीन पार्क आर्किड हाइट्स में रहती हैं। उनका आरोप है कि शादी में मायके वालों ने दान-दहेज, आभूषण, कपड़े और घरेलू सामान दिया था। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में 25 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा।
जांच में पता चला पति को गंभीर बीमारी है
विवाहिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद पति ने लंबे समय तक उसके साथ सामान्य वैवाहिक संबंध स्थापित नहीं किए। इस बारे में पूछने पर वह नाराज हो जाता और कई-कई दिन तक उससे बात नहीं करता था। लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के कारण उसका स्वास्थ्य भी बिगड़ गया। संक्रमण और अत्यधिक कमजोरी होने लगी।
28 नवंबर 2024 को पति की चिकित्सकीय जांच कराई गई। इसमें उसे इरेक्टाइल डिस्फंक्शन (ईडी) और आर्टीरियल इनसफिशिएंसी जैसी गंभीर बीमारी होने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि पति और उसके परिवार को इस चिकित्सकीय स्थिति की जानकारी शादी से पहले से थी, लेकिन इसे छिपाकर शादी की गई।
विवाहिता का आरोप है कि 11 दिसंबर 2024 को पति ने उसके साथ मारपीट की। नौ अगस्त 2025 को पति, सास और ननद समेत ससुराल के अन्य लोगों ने फिर 25 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में किसान के घर छह लाख की चोरी, इंस्पेक्टर बोले- पता नहीं
गंभीर चोट लगने के बाद उसे ससुराल छोड़कर मायके आना पड़ा। उनकी शिकायत पर पति शशांक सिंह, सास सुषमा सिंह और ननद वैशाली सिंह के खिलाफ शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज हुई।
यह भी पढ़ें- लखनऊ मार्ग पर प्रस्तावित श्रीराम द्वार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 'ग्रहण', निर्माण में 52 करोड़ होने हैं खर्च
