विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वकीलों के आपराधिक इतिहास देख हाई कोर्ट ने जताई हैरानी, कहा- बहुत ही दुखद तस्वीर

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:10 PM (IST)

लखनऊ हाई कोर्ट ने वकीलों के आपराधिक इतिहास पर गहरी चिंता व्यक्त की, विशेषकर गंभीर अपराधों और संपत्ति पर कब्जे में शामिल वकीलों की विस्तृत सूची मांगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. वकीलों के आपराधिक इतिहास पर हाई कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई।

  2. मारपीट के आरोपी वकीलों को संपत्ति विवरण दाखिल करने का आदेश।

  3. एक वकील पर RTI और जनहित याचिका दायर करने पर रोक।

विधि संवाददाता, लखनऊ। जिला कोर्ट परिसर में एक वादकारी और दिल्ली से आए उसके अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने के मामले में कथित तौर पर शामिल वकीलों के संबंध में पुलिस के खुफिया विभाग की ओर से इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ को रिपोर्ट सौंपी गई।

रिपोर्ट को देखने के बाद न्यायालय ने टिप्पणी की कि उक्त रिपोर्ट से बहुत ही दुखद तस्वीर सामने आ रही है। न्यायालय ने संबंधित वकीलों सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पाण्डेय उर्फ यश तथा अभय प्रताप वर्मा को आयकर रिटर्न, चल-अचल संपत्तियों, व्यवसाय तथा पिछले पांच वर्षों में संपत्ति के क्रय-विक्रय का पूरा विवरण शपथ पत्र के साथ दाखिल करने का आदेश दिया है।

इन सभी के फिलहाल जेल में होने के कारण न्यायालय ने संबंधित जेल प्रशासन को जेल मैनुअल के अनुसार उक्त शपथ पत्र के लिए उनके वकीलों से मुलाकात कराने का भी निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी। यह आदेश न्यायमूर्ति राजन राय व न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की पीठ ने घटना के संबंध में दर्ज स्वतः संज्ञान जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए पारित किया है। वहीं ऐशबाग स्थित एक विवादित परिसर पर वकीलों और अन्य व्यक्तियों द्वारा जबरन कब्जा करने सम्बंधी मामले समेत कुल 34 मामलों की भी इसी जनहित याचिका के साथ सुनवाई की गई।

ऐशबाग मामले में राज्य सरकार की ओर से न्यायालय को जानकारी दी गई कि कुल 19 अभियुक्तों में से 13 को गिरफ्तार किया जा चुका है जिसमें से छह को जमानत मिल गई है, शेष फरार चल रहे छह अभियुक्तों की फरारी की उद्घोषणा व कुर्की की कार्यवाही के लिए निचली अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल है लेकिन उनके अग्रिम जमानत की अर्जी के विचाराधीन होने के कारण, उस पर विचार नहीं हो सका है।

इस पर न्यायालय ने टिप्पणी की कि अग्रिम जमानत के विचाराधीन रहने से फरारी की उद्घोषणा व कुर्की की कार्यवाही पर रोक नहीं लग जाती। न्यायालय ने जनपद न्यायाधीश, लखनऊ से इस संबंध में रिपोर्ट भी तलब किया है।सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से आपराधिक इतिहास वाले 225 वकीलों की एक सूची भी कोर्ट को सौंपी गई।

हालांकि न्यायालय ने कहा कि इसमें एक मुकदमे वाले तथा छोटे मामले का सामना कर रहे वकीलों के भी नाम हैं जो किसी के भी खिलाफ हो सकते हैं। न्यायालय ने कहा कि हमें गंभीर अपराधों व जमीनों-संपत्तियों पर कब्जा करने वाले वकीलों की जानकारी चाहिए। इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि 13 ऐसे वकील हैं जिनका लंबा आपराधिक इतिहास है और 82 ऐसे वकीलों की भी पहचान की गई है जो जमीन-संपत्ति कब्जे में शामिल रहते हैं। न्यायालय ने उनकी सूची प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

वकील को आरटीआई व पीआईएल दाखिल करने पर लगाई रोक

न्यायालय ने सम्बद्ध दो अन्य याचिकाओं की सुनवाई करते हुए, एक वकील के आरटीआई से सूचना मांगने तथा जनहित याचिका दाखिल करने पर रोक लगा दी है। एक अधिवक्ता पर आरटीआई और जनहित याचिका के दुरुपयोग का आरोप है।

हालांकि अपने आदेश में न्यायालय ने कहा कि उक्त अधिवक्ता पर लगे आरोपों का हम विस्तार से उल्लेख नहीं कर रहे हैं, इसका एकमात्र कारण यह है कि इससे याची जो कि एक वकील है, उसकी प्रतिष्ठा धूमिल होगी बल्कि समाज में वकीलों की सामान्य प्रतिष्ठा पर भी अनावश्यक रूप से संदेह उत्पन्न होगा।

यह भी पढ़ें- घर के ड्राइंग रूम से पेश हुए SDM, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जताई हैरानी; कहा- DM ने क्यों दी अनुमति?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।