विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ वालों को जाम से मिलेगा छुटकारा, IIM रोड से किसान पथ तक 53 करोड़ से बनेगा ग्रीन कॉरिडोर; काम शुरू

Published: Fri, 16 Oct 2026 04:53 AM (IST)

लखनऊ में आइआइएम रोड से किसान पथ तक बनने वाला ग्रीन कॉरिडोर अब नैमिष नगर आवासीय योजना से भी जुड़ेगा। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. आइआइएम रोड से नैमिष नगर तक ग्रीन कॉरिडोर का काम शुरू।

  2. 9.9 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर 53 करोड़ रुपये में बनेगा।

  3. शहर की बड़ी आबादी को जाम से मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। आइआइएम रोड से किसान पथ तक 28 किलोमीटर में आकार लेने वाला ग्रीन कारिडोर अब नैमिष नगर आवासीय योजना से भी कनेक्ट होगा। आइआइएम रोड (धैला पुल) से नैमिष नगर के बीच 9.9 किलोमीटर लंबे कारिडोर रूट का काम गुरुवार को शुरू हो गया है, इस पर 53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके तहत 24 मीटर चौड़ी बंधा रोड व लिंक रोड निर्मित होगी।

ग्रीन कारिडोर की कुल लंबाई बढ़कर 37.9 किलोमीटर होने से शहर की बड़ी आबादी को आवागमन के लिए मुख्य मार्ग मिलेगा। आइआइएम से मुबारकपुर चौराहा होते हुए नैमिष नगर योजना को जोड़ने वाली सड़क चौड़ी होगी, अभी ये सड़क लगभग 10 मीटर चौड़ी है, जबकि इस रूट पर ट्रैफिक का काफी लोड है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस सड़क को 24 मीटर चौड़ी करने कराने का कार्य शुरू करा दिया है।

एलडीए इन दिनों नैमिष नगर योजना के ब्रह्म खंड व भूमि खंड (फेज-1 व 2) में 1673 भूखंडों के लिए पंजीकरण करा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष ने गुरुवार को विकास कार्यों को देखा। निरीक्षण के दौरान ग्राम-पलहरी में बने साइट आफिस में बैठक करके विकास कार्यों की समीक्षा में पाया कि 16 निविदाओं के माध्यम से सड़क, सीवर, वाटर लाइन व ड्रेनेज आदि कार्य कराए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- ये कैसी व्यवस्था...? जहां PWD बनवाने जा रहा सड़क, नगर निगम ने वहीं करा दिया पैचवर्क का टेंडर

जिन दो सेक्टरों में भूखंडों के लिए पंजीकरण खोले गए हैं, वहां सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा करा लिया जाए। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार व नीरज कुमार, प्रभारी अधिशासी अभियंता विशाल यादव आदि रहे।

सैदापुर, कोडरी भौली में अवस्थापना के कार्य भी शुरू

नैमिष नगर योजना में आ रहे गांवों में एलडीए अवस्थापना के कार्य कराएगा। उपाध्यक्ष ने सबसे पहले भूमि खंड व ब्रह्म खंड के बीच आ रहे ग्राम-सैदापुर व कोडरी भौली में विकास कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया है।