लखनऊ में मामूली विवाद में ब्लेड से रेता दोस्त का गला, हुई मौत
लखनऊ के सआदतगंज में मामूली विवाद के चलते एक दोस्त ने दूसरे दोस्त रेहान गाजी का ब्लेड से गला रेतकर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
लखनऊ में मामूली विवाद पर दोस्त ने की हत्या।
ब्लेड से गला रेतकर रेहान गाजी को मारा गया।
आरोपी उजैथा फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सआदतगंज के अंबरगंज स्थित अंबेडकरपार्क के पास शनिवार देर शाम मामूली विवाद में 27 वर्षीय रेहान गाजी की ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित वहां से भाग निकला। मौके पर डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी पहुंचे। आरोपित की तलाश में एक टीम को लगाया गया।
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि अंबेडकर पार्क के पास रहने वाले रेहान गाजी की दोस्ती इलाके में रहने वाले उजैथा से थी। दोनों में किसी बात को लेकर रंजिश हो गई थी। शनिवार को भी दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों में पहले मारपीट हुई, तभी उजैथा ने ब्लेड से रेहान का गला रेता और मौके से फरार हो गया।
उसके भागने का वीडियो स्थानीय लोगों ने बना लिया। वीडियो में देखने को मिला कि उजैथा का पीछा करते हुए रेहान आया, लेकिन खून ज्यादा बहने से वह गिरकर बेसुध हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ने बताया कि परिवारजन की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।