लखनऊ में बुजुर्ग का अपहरण कर परिवार से मांगी 25 लाख रुपये की फिरौती, हत्या की दी धमकी
लखनऊ में 65 वर्षीय रामनारायण बाजपेई के अपहरण और 25 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बुजुर्ग रामनारायण बाजपेई 19 सितंबर से लापता हैं।
परिवार से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। अमीनाबाद से लापता 65 वर्षीय रामनारायण बाजपेई के अपहरण और फिरौती मांगने का आरोप लगा है। उनकी बेटी आंचल बाजपेई पाठक की तहरीर पर अमीनाबाद पुलिस ने सीतापुर निवासी शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि परिवार के अलग-अलग सदस्यों से एक लाख से 25 लाख रुपये तक मांगे गए और रकम न देने पर बुजुर्ग की हत्या की धमकी दी गई।
आलमबाग के कैलाशपुरी निवासी आंचल के मुताबिक, उनके पिता गणेशगंज निवासी रामनारायण 19 सितंबर से लापता हैं। अमीनाबाद कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिवार को तलाश के दौरान पता चला कि वह शिवम के साथ हैं। बुजुर्ग का मोबाइल बंद होने के कारण परिजन उनसे सीधे संपर्क नहीं कर पा रहे थे।
कभी-कभार एक अज्ञात नंबर से वाट्सएप कॉल पर बात होती थी। आरोप है कि 21 अक्टूबर को आंचल के भाई से पांच हजार रुपये मांगे गए। दो नवंबर को फिरौती की रकम बढ़ाकर मांगी गई। तीन नवंबर को बुजुर्ग के मित्र लक्ष्मी चौरसिया से एक लाख, बड़ी बहन शुचि शुक्ला से चार लाख और आंचल के पति पुष्कर पाठक से 25 लाख रुपये मांगे गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
आंचल के अनुसार, शिवम सितंबर और अक्टूबर में दो बार उनके पिता को सीतापुर स्थित अपने पैतृक गांव कंटुनी ले गया था। शिवम के भाई राजकुमार, मां रामेश्वरी और पत्नी लक्ष्मी पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप है। चालक नीटू कनौजिया की भूमिका संदिग्ध बताई गई है।
परिवार का आरोप है कि अयोध्या के एक होटल में पिता और शिवम को चालक नीटू छोड़कर गया था। परिजन पुलिस के साथ वहां पहुंचने की तैयारी कर रहे थे, तभी होटल संचालक दोनों को अपनी गाड़ी से गोंडा रेलवे स्टेशन ले गया और दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया।
आंचल ने होटल के सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर और भुगतान रिकॉर्ड की जांच की मांग की है। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वे एक महीने पहले दिल्ली गए थे। इसके बाद बेटी ने अपहरण का आरोप लगाया। सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।