डॉक्टरों ने 4 KG का कैंसरयुक्त ट्यूमर निकाल महिला को दिया नया जीवन, चार घंटे की सर्जरी के बाद मिली सफलता
लखनऊ के लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों ने एक महिला के स्तन से 4 किलोग्राम का कैंसरयुक्त ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला, जिससे उसे नया जीवन मिला।

HighLights
लोहिया संस्थान में 4 किलो कैंसर ट्यूमर की सफल सर्जरी।
डॉक्टरों ने जटिल फाइलोड्स ट्यूमर को चार घंटे में निकाला।
कम हीमोग्लोबिन के बावजूद मरीज को नया जीवन मिला।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के डाक्टरों ने चार किलोग्राम के विशाल कैंसरयुक्त स्तन ट्यूमर की जटिल सर्जरी कर एक महिला को जीवनदान दिया है। मरीज के स्तन में 35×25 सेंटीमीटर आकार का फाइलोड्स ट्यूमर था। फाइलोड्स ट्यूमर स्तन में विकसित होने वाला अपेक्षाकृत दुर्लभ ट्यूमर है। यह तेजी से बढ़ सकता है।
इसके कुछ प्रकार सौम्य होते हैं, जबकि कुछ कैंसरयुक्त यानी घातक भी हो सकते हैं। ऐसे मामलों में समय पर जांच, उचित उपचार और सर्जरी के बाद नियमित फालोअप बेहद जरूरी होता है।
खास बात यह है कि मरीज का दूसरे अस्पतालों दो बार आपरेशन हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद ट्यूमर दोबारा विकसित हो गया। ऐसे में डाक्टरों के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति थी। करीब चार घंटे तक चले आपरेशन में डाक्टरों ने सफलतापूर्वक ट्यूमर को बाहर निकाल दिया।
चार ग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया था हीमोग्लोबिन
संस्थान के इंडोक्राइन सर्जरी विभाग की डा. अश्विनी राहलकर और डा. सर्राह इदरीस की टीम ने यह जटिल सर्जरी की। डा. अश्विनी ने बताया कि ट्यूमर का आकार काफी बड़ा होने और पहले दो बार आपरेशन के कारण सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी।
खास बात यह है कि महिला का हीमोग्लोबिन का स्तर घटकर महज चार ग्राम प्रति डेसीलीटर रह गया था। ऐसे में बिना खून चढ़ाए सर्जरी संभव नहीं थी। लिहाजा, मरीज को खून चढ़ाकर हीमोग्लोबिन का स्तर ठीक किया गया। इसके बाद आपरेशन की तैयारी की गई।
निजी अस्पतालों के मुकाबले काफी कम खर्च
डा. अश्विनी राहलकर के अनुसार, संस्थान में मरीज का आपरेशन करीब 70 हजार रुपये में किया गया, इस जटिल सर्जरी पर कारपोरेट अस्पतालों में लगभग ढाई लाख रुपये तक खर्च आने का अनुमान है। सर्जरी के बाद मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
यह भी पढ़ें- अजगर समझकर वन विभाग की टीम को बुलाया, कुएं से निकले पांच-पांच फीट के दो जहरीले रसल वाइपर
हालांकि, महिला को फालोअप पर रहना होगाा। सर्जरी में एनेस्थीसिया टीम से डा. स्मारिका, डा. शशांक, डा. प्रतिष्ठि ने भी अहम योगदान दिए। निदेशक प्रो. डा. सीएम सिंह ने इस चुनौतीपूर्ण आपरेशन को सफल बनाने वाली टीम को बधाई दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।