दीपावली पर लखनऊ में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 6 से 9 नवंबर तक इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन; देखें लिस्ट
लखनऊ में धनतेरस, दीपावली और अयोध्या दीपोत्सव के मद्देनजर 6 से 9 नवंबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
लखनऊ में 6 से 9 नवंबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव।
धनतेरस, दीपावली, दीपोत्सव के कारण प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग, आपातकालीन वाहनों को छूट।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और अयोध्या में दीपोत्सव के मद्देनजर राजधानी की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। छह से नौ नवंबर तक शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त चौराहों पर 13 स्थानों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। अयोध्या में सात नवंबर को दीपोत्सव के मुख्य आयोजन को देखते हुए सीतापुर, हरदोई, आगरा एक्सप्रेस-वे और कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
आपातकालीन वाहनों को रहेगी छूट
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर सर्विस, स्कूली वाहन और शव वाहनों को वैकल्पिक मार्ग की कमी पर प्रतिबंधित रास्तों पर भी अनुमति दी जाएगी। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर फोन कर सकते हैं।
बाजारों का डायवर्जन
नक्खास-नादान महल रोड: हैदरगंज और सआदतगंज की ओर से आने वाले थ्री व्हीलर, विक्रम और टेंपो नक्खास तिराहे से नादान महल रोड होते हुए यहियागंज, रकाबगंज पुल और अमीनाबाद नहीं जा सकेंगे। इन्हें मेडिकल क्रॉस, मेडिकल कॉलेज चौराहा और शाहमीना तिराहे से भेजा जाएगा।
भूतनाथ मार्केट: पालीटेक्निक चौराहे से आने वाले वाहन भूतनाथ तिराहे से दाएं मुड़कर बाजार नहीं जा सकेंगे। इन्हें सीधे लेखराज मार्केट चौराहा, नीलगिरी चौराहा होते हुए जाना होगा।
कलेवा चौराहा: कलेवा चौराहे से गार्डेन बेकरी तिराहे के रास्ते भूतनाथ मार्केट जाने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें गार्डेन बेकरी के सामने से नीलगिरी चौराहा और लेखराज मार्केट चौराहे से भेजा जाएगा।
पत्रकारपुरम: मनोज पांडेय चौराहे से बाएं मुड़कर पत्रकारपुरम जाने पर रोक रहेगी। वाहन दयाल पैराडाइज और हुसड़िया चौराहे से होकर जाएंगे। हुसड़िया से पत्रकारपुरम की ओर जाने वाले वाहनों को भी दयाल पैराडाइज होकर निकाला जाएगा।
नीलकंठ बाजार: नीलकंठ मोड़ से आर्यन रेस्टोरेंट तक बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आर्यन रेस्टोरेंट से नीलकंठ की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
चारबाग-अटल चौक: चारबाग से आने वाले वाहन अटल चौक से बाएं मुड़कर मेफेयर और अल्का तिराहे की ओर जा सकेंगे। अटल चौक से डीएम आवास के बीच नो-स्टाप जोन रहेगा।
लीला सिनेमा रोड: लीला सिनेमा रोड से बैंक आफ इंडिया तिराहे पर बाएं मुड़कर अल्का तिराहे और हजरतगंज जाने पर रोक रहेगी। वाहन दाएं मुड़कर डनलप तिराहे और सहारा माल की ओर जा सकेंगे।
सप्रू मार्ग-डनलप तिराहा: सप्रू मार्ग से डनलप तिराहे के रास्ते अल्का तिराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन बाएं मुड़कर बैंक आफ इंडिया से हजरतगंज और दाएं मुड़कर सहारा माल, शाहजनफ रोड की ओर जा सकेंगे।
सिकंदरबाग-सहारागंज: सिकंदरबाग चौराहे से शाहजनफ रोड होते हुए सहारागंज मोड़ से डनलप तिराहा और बैंक आफ इंडिया के रास्ते अल्का तिराहे जाने पर रोक रहेगी। वाहन सहारागंज मोड़ से सीधे चिरैयाझील होकर निकलेंगे।
परिवर्तन चौक: परिवर्तन चौक से हजरतगंज की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे से चिरैयाझील और सिकंदरबाग होकर जाएंगे।
हजरतगंज: परिवर्तन चौक से हजरतगंज बाजार आने वाले वाहन हिंदी संस्थान से बाएं मुड़कर सरोजिनी नायडू पार्क की भूमिगत पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
लालबाग-मेटफेयर तिराहा: लालबाग चौराहे से मेफेयर तिराहे की ओर जाने वाले वाहन वाल्मीकि तिराहे (थाना हजरतगंज के सामने) से बाएं मुड़कर केडी सिंह स्टेडियम के आगे जा सकेंगे।
हजरतगंज की मल्टीस्टोरी पार्किंग: हजरतगंज बाजार में खरीदारी करने वाले लोग लीला सिनेमा रोड से मल्टीस्टोरी पार्किंग के पिछले गेट से वाहन खड़ा कर सकेंगे। पार्किंग के अगले गेट (मोतीमहल की ओर) से पैदल बाजार जा सकेंगे।
चार मार्गों से भारी वाहनों का डायवर्जन
अयोध्या में सात नवंबर को दीपोत्सव के मुख्य आयोजन के चलते छह नवंबर की रात 12 बजे से आठ नवंबर को कार्यक्रम और भीड़ समाप्त होने तक भारी वाहनों का रूट बदला रहेगा।
सीतापुर रोड: इस ओर से आने वाली बसों और भारी वाहनों को बाराबंकी-अयोध्या की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहन इंदौराबाग किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड स्थित चांदसराय और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जाएंगे।
हरदोई रोड: यहां से आने वाले भारी वाहन बाजपुर किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए चांदसराय और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
आगरा एक्सप्रेसवे: इस ओर से आने वाले भारी वाहन खुशहालगंज किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए चांदसराय और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे।
कानपुर रोड: इस मार्ग से आने वाले भारी वाहनों के लिए तीन विकल्प दिए गए हैं। पहला फतेहपुर-लालगंज-बछरावां-हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे। दूसरा कानपुर-उन्नाव-बीघापुर, पुरवा, लालगंज, मौरावां, बछरावां, हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे। बसों और भारी वाहनों के लिए दरोगाखेड़ा किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए चांदसराय और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।