लखनऊ : भाई की मौत के बाद बैंक खाते से गायब हुए 45 लाख, फर्जी पत्नी और सौतेला बेटा बनकर संपत्ति हड़पने का आरोप
लखनऊ के सरोजनीनगर में एक मृतक के बैंक खातों से 45 लाख रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मृतक सत्येन्द्र तिवारी के खाते से 45 लाख रुपये गायब।
फर्जी पत्नी-सौतेले बेटे ने संपत्ति पर दावा किया।
बहन ने धोखाधड़ी, धमकी का मामला दर्ज कराया।
जागरण टीम, लखनऊ। सरोजनीनगर में एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके बैंक खातों और निवेश की रकम के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। आरोप है कि मृतक के बैंक खातों से करीब 45 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई।
इतना ही नहीं, खुद को मृतक की पत्नी और सौतेला बेटा बताकर कुछ लोग उसकी संपत्ति और वित्तीय अधिकारों पर भी दावा कर रहे हैं। मामले में मृतक की बहन सुमन तिवारी ने तीन नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी देने की धाराओं में एफआइआर दर्ज कराई है।
सुमन के मुताबिक उनके भाई सत्येन्द्र कुमार तिवारी की आठ नवंबर 2025 को मृत्यु हो गई थी। वह उनकी चल-अचल संपत्ति की इकलौती वारिस और विधिक नामिनी हैं। भाई की मृत्यु के बाद जब उन्होंने बैंक खातों का स्टेटमेंट निकलवाया तो कई संदिग्ध लेनदेन सामने आए। आरोप है कि अश्वनी उपाध्याय ने मृतक के एक्सिस बैंक खाते से 20 हजार और 400 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर किए।
वहीं, मृतक के जेरोधा डीमैट खाते से 29 लाख 64 हजार 38 रुपये बैंक आफ इंडिया के खाते में ट्रांसफर किए गए। इसमें से करीब 14 लाख 79 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके अलावा मृतक के एसबीआइ क्रेडिट कार्ड से 41,900 रुपये के अनधिकृत लेनदेन किए जाने की जानकारी मिली। शिकायत में सबसे गंभीर आरोप बैंक खाते को दोबारा खुलवाने की कोशिश का है। सुमन के मुताबिक सत्येन्द्र की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद बैंक आफ इंडिया का खाता बंद हो गया था।
इसके बावजूद उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर से फोन कर खुद को सत्येन्द्र कुमार तिवारी बताते हुए खाता दोबारा खुलवाने का प्रयास किया गया। बैंक से मिली जानकारी के आधार पर इसमें अश्वनी उपाध्याय की भूमिका होने का आरोप लगाया गया है।
गहने गायब, परिवार को जान से मारने की धमकी
सुमन का आरोप है कि भाई के घर की जांच करने पर सोने की चेन, अंगूठियां और ब्रेसलेट समेत कई कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले। वहीं वंदना उपाध्याय खुद को सत्येन्द्र की पत्नी और अश्वनी उपाध्याय खुद को उनका सौतेला बेटा बताकर संपत्ति पर अधिकार जता रहे हैं। जबकि परिवार का दावा है कि सत्येन्द्र की शादी ही नहीं हुई थी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ: सोलर उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बने बिजली के बिल, संशोधन के लिए लगा रहे दफ्तरों के चक्कर
आरोप है कि परिवार को लगातार कानूनी नोटिस भेजकर परेशान किया जा रहा है। फोन पर गाली-गलौज कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने वंदना उपाध्याय, अश्वनी उपाध्याय, चंद्रावती देवी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।