विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दम्माम उड़ानें रद, लखनऊ से सऊदी जाने वालों के लिए किराया बना मुसीबत; अगले माह और बढ़ेगी परेशानी

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:50 PM (GMT+05:30)

हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण भारतीय विमान कंपनियों ने लखनऊ से दम्माम की सीधी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इससे कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 1.33 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. लखनऊ से दम्माम की सीधी विमान सेवा रद्द।

  2. कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 1.33 लाख रुपये तक पहुंचा।

  3. हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण सेवाएं प्रभावित।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सऊदी अरब के कई एयरपोर्ट पर हो रहे हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच भारतीय विमान कंपनियों ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दम्माम के लिए अपनी सीधी विमान सेवा को बंद कर दिया है।

खाड़ी देशों की दो एयरलाइन कनेक्टिंग विमान सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। इसका असर यह हुआ कि दम्माम जाने के लिए सामान्य दिनों में जो किराया 18 से 20 हजार रुपये चल रहा था, वह कनेक्टिंग विमान से यात्रा करने के लिए 1.33 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

सऊदी अरब के कई एयरपोर्ट पर अक्टूबर माह से हमले हो रहे हैँ। इसके चलते इंडिगो एयरलाइन सहित भारतीय विमान कंपनियों ने अपनी सेवाओं को सीमित कर दिया है। दम्माम के लिए तो सीधी विमान सेवा को बंद कर दिया है। इंडिगो एयरलाइन ने मौजूदा हालात को देखते हुए सात दिसंबर तक अपनी सेवाएं रियाद और दम्माम के लिए बंद कर दी हैं।

लखनऊ, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, प्रतापगढ़, सुलतानपुर, उन्नाव सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के कई शहरों को जाते हैं।

दम्माम जाने वाले भारतीय यात्रियों की संख्या भी प्रतिदिन 300 से 450 के बीच है। ऐसे में दम्माम के लिए सीधी विमान सेवाएं दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह तक बहाल होने की संभावना नहीं दिख रही है।

विदेशी विमानों ने बढ़ाया किराया

एक तरफ जहां भारतीय विमान कंपनियों ने खाड़ी देशों के लिए अपनी सेवाएं सीमित कर दी हैँ, दूसरी ओर सऊदिया एयरलाइन, ओमान एयर और फ्लाई डील जैसी विदेशी एयरलाइन अपनी सेवाएं दे रही हैं। लखनऊ से इन कपंनियों के विमानों से कनेक्टिंग उड़ानों से दम्माम की सेवाएं दी जा रही हैं।

ओमान एयर का सोमवार को मस्कट होकर दम्माम जाने वाले विमान का किराया 1.33 लाख रुपये तक पहुंच गया है । इसी तरह सऊदी एयरलाइन का किराया भी 64 हजार रुपये के करीब चल रहा है। फ्लाईडील के जेद्दा होकर दम्माम जाने वाले विमान का किराया 42 हजार रुपये के करीब चल रहा है।

यह भी पढ़ें- नेपाल भागने की फिराक में लखनऊ से सोना लूट में फरार सिपाही विनय शंकर, तलाश में पूर्वांचल तक दबिश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।