नेपाल भागने की फिराक में लखनऊ से सोना लूट में फरार सिपाही विनय शंकर, तलाश में पूर्वांचल तक दबिश
Lucknow Crime: लूट में गौतमपल्ली थाने में तैनात सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा, जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर और डीआरआइ में तैनात सिपाही अविनाश शाही की भूमिका सामने आई थी।

फरार सिपाही विनय शंकर
HighLights
सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में दो किलो सोना लूटने का मामला
सिपाही की तलाश में लगीं पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दिल्ली के सराफा कारोबारी से लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में दो किलो सोने की लूट के मामले में फरार सिपाही विनय शंकर के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह प्रदेश की सीमा पार कर नेपाल में शरण ले सकता है। इसे देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में पूर्वांचल के साथ आसपास के जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं। हालांकि, उसके नेपाल भागने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। उनसे मिली जानकारियों के आधार पर फरार आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की टीमें देर रात तक जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर, उसके भाई रविशंकर, सागर सेठ और एक अन्य आरोपित की तलाश में जुटी रहीं। पुलिस को लूटे गए दो किलो सोने के जेवरों की बरामदगी भी करनी है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने के बाद महकमे में भी हलचल है।
लूट में गौतमपल्ली थाने में तैनात सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा, जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर और डीआरआइ में तैनात सिपाही अविनाश शाही की भूमिका सामने आई थी। लखनऊ पुलिस की रिपोर्ट पर शुक्रवार को तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया था।
स्विफ्ट कार सवार सिपाही दुर्गेश ने 21 नवंबर की रात अपने साथियों के साथ मिलकर सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में दिल्ली के कारोबारी महेंद्र दास को बस से नीचे उतारा था। इसके बाद उन्हें कार में बैठाकर दो किलो सोने के जेवरों से भरा बैग लूट लिया था।
महेंद्र दास मूलरूप से पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर के रहने वाले हैं। वह दिल्ली के करोलबाग में अपने बहनोई छोटू साहू के साथ ज्वैलरी बनाने का कारोबार करते हैं। पुलिस इस मामले में गुरुवार को ज्वैलर्स प्रीतम सोनी, सिपाही अविनाश शाही, बैंक आफ बड़ौदा के सुरक्षा गार्ड राहुल चौहान, सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा और कारीगर तिलक मांझी को गिरफ्तार कर चुकी है।
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लग्जरी लाइफ का शौकीन पुलिस का सिपाही
सिपाही विनय शंकर जौनपुर के लाइन बाजार थाना में तैनात है। विनय शंकर मूल रूप से रायबरेली का है जिसकी नियुक्ति 2019 में हुई थी। विनय सिपाही होते हुए लग्जरी लाइफ जीने का शौकीन है। उसके इंस्टाग्राम पर तकरीबन 1.34 लाख फॉलोवर्स हैं। विनय के पास लेटेस्ट आईफोन था। उसके पास रॉयल एनफील्ड की लक्सरी शॉटगन बाइक भी थी। वह एक महिला सिपाही के साथ लिव-इन में भी रहता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।