विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में रिजर्व पुलिस लाइन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाला सिपाही सस्पेंड

Published: Tue, 19 May 2026 11:45 PM (IST)

लखनऊ में रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने में भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले मुख्य आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सिपाही सुनील कुमार शुक्ला भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित।

  2. सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन का भी आरोप लगा।

  3. महिला हेड कांस्टेबल नीतू सिंह भी निलंबित हुईं।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने में भ्रष्टाचार समेत अन्य आरोप लगाकर इंटरनेट मीडिया पर वीडियो डालने वाले मुख्य आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को निलंबित कर दिया गया।

उनके खिलाफ सरकारी कर्मचारी आवरण नियमावली और उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन का आरोप है। इसी आरोप में नाका कोतवाली में तैनात महिला हेड कांस्टेबल नीतू सिंह को भी निलंबित किया गया है।

पुलिस लाइन में तैनात अमेठी निवासी 2015 बैच के सिपाही सुनील कुमार शुक्ला ने पुलिस लाइन के आरआई और गणना प्रभारी पर ड्यूटी के नाम पर रुपयों की वसूली का आरोप लगाया था।

उन्होंने एक के बाद एक की वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए थे। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाए थे कि ड्यूटी के नाम पर प्रति सिपाही दो हजार रुपये की वसूली होती है।

उन्होंने आईपीएस अधिकारियों को काला अंग्रेज भी कहा था। साथ ही यह भी कहा था कि पुलिस की जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है। उन्होंने मजिस्ट्रेट या न्यायिक जांच की मांग की थी।

वीडियो प्रसारित होने के बाद जांच के आधार पर गणना कार्यालय में तैनात एक दारोगा समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को हटाकर उनके स्थान पर नए कर्मियों को तैनाती दी गई थी।

सिपाही ने पूरे मामले को लेकर अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाहा के समक्ष बयान दर्ज कराए थे। डीसीपी मुख्यालय के आदेश पर सिपाही को निलंबित कर रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ से सम्बद्ध किया गया है।

इसके साथ ही मंगलवार को नाका कोतवाली की हेड कांस्टेबल नीतू सिंह को भी निलंबित किया गया है। 2011 बैच की हेड कांस्टेबल नीतू पर नियम विरुद्ध रील बनाकर इंटरनेट पर प्रसारित करने का आरोप है।

यह भी पढ़ें- चंद्रकांत रथ हत्याकांड: वाराणसी से आरोपी विनय राय गिरफ्तार, कोलकाता ले गई CBI की टीम