लखनऊ में बड़े भाई से 300 रुपये लिया उधार, नहीं देने पर गर्म चिमटे से दागा; गिरफ्तार
लखनऊ में 300 रुपये के उधार विवाद में बड़े भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर छोटे भाई को गर्म ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
300 रुपये के उधार विवाद में बड़े भाई ने पीटा।
छोटे भाई को गर्म चिमटे से दागा, जान से मारने की कोशिश।
गाजीपुर पुलिस ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। महज 300 रुपये के उधार के विवाद में बड़े भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर छोटे भाई को बेरहमी से पीटा। यही नहीं, आरोपितों ने पीड़ित के शरीर को गर्म चिमटे से कई जगह दाग दिया और जान से मारने की कोशिश भी की। गाजीपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्या के मुताबिक, गाजीपुर गांव निवासी सोनू कश्यप ने 24 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उसने अपने बड़े भाई नंद किशोर कश्यप से 300 रुपये उधार लिए थे। रकम वापस करने में देरी पर नंद किशोर ने अपने साथियों दीपांशु कश्यप, मोहित कश्यप और एक अन्य बबलू के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की।
आरोप है कि आरोपितों ने लात-घूंसों से मारने के साथ ही गर्म चिमटे से उसके पूरे शरीर को दाग दिया और जान से मारने का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर गाजीपुर गांव में दबिश दी।
यह भी पढ़ें- UP में 4157 अधिवक्ताओं पर 5056 आपराधिक मामले, लखनऊ पहले नंबर पर
पुलिस टीम को देखकर दो आरोपित भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नंद किशोर कश्यप और मोहित कश्यप (35) के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
