धुंध और प्रदूषण की चपेट में लखनऊ, सुबह ही 318 पहुंचा AQI
दीपावली के बाद लखनऊ में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है, शनिवार सुबह AQI 318 तक पहुंच गया। ...और पढ़ें
-1794630296141_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
लखनऊ में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण बढ़ा।
शनिवार सुबह AQI 318 दर्ज, हवा हुई खराब।
बच्चों, बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दीपावली के बाद से राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। कोहरे, स्माग और धुंध की चादर सड़के, इमारतें व अन्य स्थान लिपटे नजर आ रहे हैं। शनिवार सुबह ही एक्यूआई 318 पहुंच गया। कुकरैल की भी हवा खराब हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को लखनऊ में सुबह तापमान करीब 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम में नमी और हवा की धीमी रफ्तार के बीच प्रदूषक कणों का असर चिंता बढ़ा रहा है।
प्रदूषण निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक लखनऊ के छह प्रमुख स्थानों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार शाम जहां एक्यूआई 304 था। वहीं, शनिवार सुबह ही 318 पहुंच गया।
अलीगंज के केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र में सुबह आठ बजे से नौ बजे तक एक्यूआइ का स्तर बेहद खराब श्रेणी 318 रहा। तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में 297 और लालबाग में 245 एक्यूआइ दर्ज किया गया। वहीं, गोमतीनगर में एक्यूआइ 216, कुकरैल पिकनिक स्पाट-1 में 229 और बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय क्षेत्र में 207 रहा।
शहर के किसी भी निगरानी केंद्र पर हवा की गुणवत्ता अच्छी श्रेणी में नहीं रही। केंद्रीय विद्यालय और तालकटोरा क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक बना हुआ है। केजीएमयू के श्वास रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. दर्शन बजाज के अनुसार, हवा में प्रदूषक कणों की अधिकता से सांस लेने में परेशानी, खांसी, आंखों में जलन और अस्थमा के मरीजों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सुबह हवा की धीमी गति और कम तापमान से बढ़ा प्रदूषण
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी जेपी मौर्य के मुताबिक एक्यूआई बढ़ने के पीछे मौसम में बदलाव, हवा की कम गति, वाहनों के धुएं, निर्माण कार्यों और सड़कों से उड़ने वाली धूल है। इससे हवा में कण जमा हो रहे हैं।
रात और सुबह तापमान में गिरावट के कारण तापमान बदलाव की स्थिति बनने पर प्रदूषक कण जमीन के करीब फंस रहे हैं। ये सुबह की धुंध और नमी भी स्माग की स्थिति को बढ़ावा दे रहे है। इसके अलावा दीपावली के दौरान पटाखों से निकले प्रदूषक कणों का असर भी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।