लखनऊ में पत्नी के प्रेमी की गला घोंटकर हत्या करने वाले दोषी को उम्रकैद, 12 हजार रुपये का जुर्माना भी लगा
लखनऊ की अदालत ने अनुराग पाल को पत्नी के प्रेमी प्रदीप पाल की गला घोंटकर हत्या करने का दोषी ठहराया है। उसे उम्रकैद और 12 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है, यह मामला 2019 में दर्ज हुआ था।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
अनुराग पाल को पत्नी के प्रेमी की हत्या का दोषी करार।
लखनऊ कोर्ट ने उम्रकैद और 12 हजार रुपये का अर्थदंड सुनाया।
अवैध संबंधों के शक में 2019 में हुई थी प्रदीप पाल की हत्या।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सीतापुर के रहने वाले अनुराग पाल को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-20 ने पत्नी के प्रेमी की गला घोटकर हत्या करने व शव छिपाने का दोषी करार दिया। न्यायालय ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई साथ ही 12 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
अभियोजन की ओर से सरकारी वकील सीमा सिंह द्वारा बताया गया कि मामले की रिपोर्ट 18 सितंबर 2019 को मृतक प्रदीप पाल के पिता परशुराम ने थाना मड़ियांव में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में कहा गया कि उनका बेटा प्रदीप आरओ सर्विस सेंटर में काम करता था तथा सुबह 9 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकला था।
रात 11-12 बजे तक वह नहीं लौटा तो बेटी ने फोन किया। तब प्रदीप ने बताया था कि वह दोषी के साथ है तथा 15-20 मिनट में घर पहुंच रहा है। अभियोजन द्वारा बताया गया कि अगले दिन वादी को थाने से फोन आया कि पुलिस को एक लावारिस शव और मोटरसाइकिल मिली है, इसलिए वहां जाकर पहचान कर ली जाए।
विवेचना में पुलिस को पता चला कि दोषी अनुराग पाल अपनी पत्नी के साथ मृतक के घर में किराए पर रहता था तथा दोनों दूर के रिश्तेदार भी थे। घर में साथ रहने के दौरान मृतक प्रदीप तथा दोषी अनुराग की पत्नी के बीच अवैध संबंध हो गए थे। इसकी जानकारी होने पर दोषी अनुराग ने मृतक प्रदीप को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना वाली शाम दोनों को इंजीनियरिंग कॉलेज के पास साथ-साथ देखा भी गया था।