इन्वर्टर-जनरेटर की छुट्टी: अब लखनऊ की इन 4 टाउनशिप में 40 साल तक मिलेगी 24 घंटे बिजली, 1220 करोड़ का मेगाप्लान तैयार
लखनऊ विकास प्राधिकरण की चार नई टाउनशिप में 1220 करोड़ रुपये की लागत से चार ट्रांसमिशन बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। यह परियोजना लखनऊ की बढ़ती आबादी को 40 साल तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगी और बिजली संकट से राहत देगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एलडीए की चार टाउनशिप में बनेंगे चार नए बिजली उपकेंद्र।
1220 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण, दिसंबर 2029 तक पूरा।
लखनऊ को 40 साल तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन जल्द ही लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की चार नई टाउनशिप में 1220 करोड़ रुपये की लागत से चार ट्रांसमिशन बिजली उपकेंद्र बनाकर रोशन करने जा रहा है।
इस नए प्रयास से कालोनियों के आसपास बसी अन्य कालोनियों को भी चार दशक तक बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। ट्रांसमिशन के अधिकारियों के मुताबिक एक माह के भीतर ट्रांसमिशन वर्क कमेटी (टीडब्ल्यूसी) की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की पूरी उम्मीद है और फिर काम शुरू कर दिया जाएगा।
मुख्य अभियंता ट्रांसमिशन के मुताबिक अगर कोई रुकावट नहीं आती है तो सभी बिजली उपकेंद्र दिसंबर 2029 तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके लिए एलडीए ने जमीन फाइनल कर दी हैं। एलडीए की वेलनेस सिटी, आइटी सिटी, नैमिष विहार और वरुण विहार में यह बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अपनी चार नई टाउनशिप में 1220 करोड़ रुपये की लागत से चार ट्रांसमिशन बिजली उपकेंद्र स्थापित करेगा। यह परियोजना लखनऊ की बढ़ती आबादी को राहत देगा।
सुलतानपुर रोड स्थित एलडीए की आइटी सिटी में सबसे बड़ा बिजली उपकेंद्र ट्रांसमिशन के अभियंता लगाएंगे। यहां 765 केवीए का बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा। योजना है कि भविष्य में यहां स्थापित होने वाली आइटी सिटी को किसी प्रकार की बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
ट्रांसमिशन के अभियंताओं को दी 26 एकड़ जमीन
इसके लिए 53 एकड़ जमीन एलडीए बिजली विभाग को दे रहा है। इसके निर्माण में 600 करोड़ से अधिक का खर्च आएगा। इसी तरह आगरा एक्सप्रेसवे के पास स्थित वरुण विहार कालोनी में 400 केवीए का बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए 26 एकड़ जमीन एलडीए ने ट्रांसमिशन के अभियंताओं को दी है।
इसे बनाने में तीन सौ करोड़ रुपये खर्च आएगा। नैमिष विहार और वेलनेस सिटी में 12.5-12.5 एकड़ जमीन पर 220-220 केवीए के दो बिजली ट्रांसमिशन उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इस योजना पर 160-160 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
इन ट्रांसमिशन बिजली उपकेंद्रों से आसपास की आबादी को भी होगा लाभ
इन ट्रांसमिशन बिजली उपकेंद्र के बनने से एलडीए की कालोनी को सबसे ज्यादा फायदा होगा। वहीं आसपास स्थित ट्रांसमिशन बिजली के अंतर्गत आने वाले 33 केवी बिजली उपकेंद्रों को भी फायदा होगा।
यह भी पढ़ें- समाज के कमजोर वर्गों के लिए नई पहल: BBAU और NISD मिलकर चलाएंगे जागरूकता-प्रशिक्षण अभियान
इन बिजली उपकेंद्रों पर ट्रांसमिशन बिजली उपकेंद्र से दूसरा व तीसरा सोर्स को जोड़ा जा सकेगा। भविष्य में जब कभी बिजली प्रभावित होगी तो मरम्मत होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में यहां से बिजली दी जा सकेगी।
टीडब्ल्यूसी की बैठक में इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलनी तय है। जल्द ही इन प्रोजेक्ट पर काम शुरू होगा। पूरा प्रयास रहेगा कि जो तिथि कार्य के खत्म करने की निर्धारित की गई है, उसमें ही बिजली उपकेंद्र चालू कर दिए जाए। -संजय गुप्ता, मुख्य अभियंता, ट्रांसमिशन, लखनऊ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।