यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lok Sabha Eelctions: भाजपा पर फिर फूट पड़े अखिलेश यादव, कहा- ईडी, सीबीआई से डरा-धमका कर वसूल रही पार्टी फंड
बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि इलेक्टोरल बांड के जरिए साढ़े छह हजार करोड़ का चुनावी चंदा लिया गया है। भाजपा लोकसभा का चुनाव जीतने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। मतदान के समय धांधली की भी तैयारियां है। ऐसे में मतदाताओं को अपने अधिकार और वोट की रक्षा स्वयं करनी है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों के जरिए डरा-धमका कर पार्टी फंड वसूल रही है।
बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि इलेक्टोरल बांड के जरिए साढ़े छह हजार करोड़ का चुनावी चंदा लिया गया है। भाजपा लोकसभा का चुनाव जीतने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। मतदान के समय धांधली की भी तैयारियां है। ऐसे में मतदाताओं को अपने अधिकार और वोट की रक्षा स्वयं करनी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव है। लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण सब पर खतरा है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लोकतंत्र बचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पूरी व्यवस्था चौपट है, सरकार हर स्तर पर विफल है। अपनी नाकामी को छिपाने के लिए झूठे वादे, विज्ञापनों में दर्शाएं जा रहे हैं।
यादव ने कहा कि 10 साल में एक लाख किसानों ने आत्महत्या की है। नोटबंदी-जीएसटी से व्यापारी परेशान है। सरकार की नीतियां दवा कंपनियों को मुनाफा पहुंचाने का काम कर रही हैं। राष्ट्रीय संपत्तियों को एक-एक कर बेचा जा रहा है। पूरे व्यापार पर कुछ उद्योगपतियों का कब्जा हो गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी और गठबंधन की जीत होने जा रही है। समाजवादी पार्टी और पीडीए मिलकर सामाजिक, आर्थिक न्याय की अंतिम लड़ाई लड़कर भाजपा की सरकार को सत्ता से हटाने जा रही है।