विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में छह प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, लघु और सीमांत किसानों ने शुरू किया आवेदन

Published: Mon, 12 Oct 2026 04:40 PM (IST)

Mukhyamantri Krishak Samridhi Yojna: सरकार की ओर से दिए जाने वाले अनुदान के लिए बैंक को 38 करोड़ रुपये देने का आदेश भी जारी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना

HighLights

  1. एलडीबी मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से कर रहा ऋण वितरण

  2. योजना की सफलता के लिए एलडीबी मुख्यालय में मंत्री ने किया हवन पूजन

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत कृषि संबंधी दीर्घकालीन ऋण मिल रहा है। छह प्रतिशत ब्याज दर पर मिल रहे ऋण के लिए प्रदेश में किसानों ने सोमवार से आवेजन शुरू कर दिया है।

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक (एलडीबी) की 323 शाखाओं व योजना के पोर्टल के माध्यम से किसान ऋण के लिए आवेदन कर रहे हैं। सोमवार को ही इस योजना के लिए सरकार की ओर से दिए जाने वाले अनुदान के लिए बैंक को 38 करोड़ रुपये देने का आदेश भी जारी किया जाएगा।

प्रदेश सरकार की इस योजना की सफलता के लिए नवरात्र के पहले दिन सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर तथा बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर ने पूजन व हवन किया। प्रदेश के लघु व सीमांत किसानों को कृषि व संबद्ध कार्यों के लिए सस्ते दर पर ऋण देने की इस योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 23 सितंबर को किया था।

इस योजना के तहत एलडीबी के माध्यम से किसानों को 11 प्रतिशत ब्याज दर पर मिलने वाला कृषि ऋण अब महज छह प्रतिशत ब्याज दर पर किसानों को दिया जाएगा। सहकारिता मंत्री राठौर के अनुसार, बैंक सोमवार से किसानों को योजना का लाभ देना शुरू करेगा। किसान बैंक की 323 शाखाओं के अलावा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल https://mksyldb.in/ पर आनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसानों को लाभ देने के लिए बैंक को 38 करोड़ रुपये जारी करने का आदेश सोमवार को जारी किया जाएगा। योजना की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए कार्यशाला आयोजित कर बैंक शाखाओं के शाखा अध्यक्ष (डेलीगेट) को इसके प्रावधानों से अवगत कराया गया है। डेलीगेट किसानों को योजना से जोड़ने के साथ ऋण स्वीकृति में भी अहम भूमिका निभाएंगे। अगले पांच वर्ष में पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

एलडीबी के प्रबंध निदेशक आरके कुलश्रेष्ठ के मुताबिक, दो हेक्टेयर तक कृषि भूमि वाले लघु और सीमांत किसान योजना के पात्र होंगे। अधिकतम छह लाख रुपये तक का ऋण पांच वर्ष के लिए दिया जा सकेगा। समय पर किस्त चुकाने वाले किसानों से छह प्रतिशत ब्याज लिया जाएगा।

रविवार को बैंक मुख्यालय में आयोजित पूजन व हवन कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव अजय कुमार शुक्ला, अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल सिंह, बैंक के मुख्य महाप्रबंधक रत्नाकर सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की दी शुभकामनाएं, अधिकारियों को मंदिरों को स्वच्छ रखने के दिए निर्देश

यह भी पढ़ें- 2017 से पहले कर्ज में डूबा था किसान, अब मिल रही 'सम्मान निधि': सीएम योगी आदित्यनाथ