सुशांत गोल्फ सिटी में प्लॉट खरीदने वालों की हुई मौज, 2747 भूखंडों की रजिस्ट्री को लेकर LDA ने दिया बड़ा अपडेट
एलडीए ने सुशांत गोल्फ सिटी में अंसल द्वारा बेचे गए बंधक भूखंडों की रजिस्ट्री रद्द न करने का फैसला किया है, जिससे आवंटियों के हित सुरक्षित रहेंगे।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
एलडीए अंसल के बंधक भूखंडों की रजिस्ट्री रद्द नहीं करेगा।
सुशांत गोल्फ सिटी के आवंटियों के हितों की रक्षा होगी।
कैबिनेट ने बंधक भूखंडों को अवमुक्त करने की मंजूरी दी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। अंसल ने सुशांत गोल्फ सिटी में जिन बंधक भूखंडों को बेच दिया है, एलडीए उनको अवमुक्त करेगा। वैध आवंटियों के हितों की रक्षा के लिए एलडीए बेचे गए बंधक भूखंडों की रजिस्ट्री को निरस्त नहीं कराएगा। एलडीए जल्द ही नेशनल कंपनी ला ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) के समक्ष परियोजना को पूर्ण करने का प्रस्ताव प्रस्तुत करेगा।
अनुमति प्राप्त होते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में सुशांत गोल्फ सिटी योजना को एलडीए को सौंपने का प्रस्ताव पारित हुआ था। तब से दैनिक जागरण लगातार अंसल के आवंटियों की रजिस्ट्री और कब्जा जैसी बड़ी समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा था। इन समस्याओं का संज्ञान लेकर एलडीए ने बंधक संपत्तियों की रजिस्ट्री निरस्त नहीं कराने के आदेश दिए हैं।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मेसर्स अंसल प्रापर्टी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने एलडीए में गारंटी के तौर पर कुल 3489 भूखंड बंधक रखे थे। टाउनशिप की शर्तों के अनुसार यह भूखंड इसलिए बंधक रखे गए थे, कि अगर अंसल योजना में प्रस्तावित कार्य नहीं कराएगा तो प्राधिकरण इन जमीनों को बेचकर कालोनी का विकास करेगा।
कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी
नियमानुसार बंधक भूखंडों को बिना प्राधिकरण की अनुमति के नहीं बेचा जा सकता था। लेकिन अंसल ने फर्जीवाड़ा करते हुए इसमें से 2747 बंधक भूखंडों को बेच दिया। इन बंधक भूखंडों की रजिस्ट्री निरस्त करवाने से इन्हें खरीदने वाले आवंटी अधर में फंस जाते। इसलिए एलडीए ने होम बायर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए बंधक भूखंडों को अवमुक्त करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। बीती 15 सितंबर को हुई कैबिनेट की बैठक में इसे भी मंजूरी मिल गई है।
अंसल के विकसित क्षेत्र में पूर्णता प्रमाण पत्र निर्गत किये जाने की अनुमति प्राधिकरण को मिलने से बंधक भूखंडों को अवमुक्त किये जाने का रास्ता साफ हो गया है। सुशांत गोल्फ सिटी के अर्द्ध विकसित और अविकसित क्षेत्र में बंधक भूखंडों का विकास कार्य एलडीए पूर्ण कराएगा। सेक्टर या पाकेट के अनुसार पूर्णता प्रमाण पत्र निर्गत करते हुए अनुपातिक रूप से बंधक भूखंड अवमुक्त किये जाएंगे।
यह भी पढ़ें- हिमालय छोड़कर इटावा पहंच रहे ये खास गिद्ध, चंबल से लेकर सफारी पार्क तक दिखा अनोखा नजारा
अर्द्ध विकसित और अविकसित क्षेत्र के किसी भूखंड के पूर्णता प्रमाण पत्र निर्गत करने से पूर्व अगर भू-स्वामी अपनी बंधक भूमि अवमुक्त कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत करता है, तो निर्धारित शर्तों के अनुसार उसे बंधक मुक्त करने का प्रविधान रखा गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी में वाहनों के चालान सिस्टम में हुआ बड़ा बदलाव, अब 30 दिन के अंदर अधिकारियों को करना होगा समाधान
आवेदक को प्राधिकरण बोर्ड से निर्धारित की गई शुल्क के बराबर गारंटी राशि प्राधिकरण में जमा करनी होगी। विकास कार्य पूर्ण होने पर संबंधित भूखंड का पूर्णता प्रमाण-पत्र जारी किये जाने पर यह गारंटी राशि वापस कर दी जाएगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि टाउनशिप में विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा।
