लखनऊ तिहरा हत्याकांड: ऋषभ शुक्ला के मकान की अब सैटेलाइट से होगी जांच, LDA ने रिमोट सेंसिंग सेंटर को लिखा लेटर
सहादतगंज तिहरे हत्याकांड के आरोपित ऋषभ शुक्ला के मकान की अब एलडीए सैटेलाइट से जांच कराएगा। ईटीएस रिपोर्ट में मकान के आसपास की कुछ भूमि नजूल मिली थी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
एलडीए ऋषभ शुक्ला के मकान की सैटेलाइट से जांच करेगा।
ईटीएस रिपोर्ट में मकान के आसपास नजूल भूमि मिली।
अवैध निर्माण पर एलडीए जल्द ही कार्रवाई करेगा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सहादतगंज के ब्राह्मणी टोला में तिहरे हत्याकांड में आरोपित ऋषभ शुक्ला व उनके परिवारजनों का मकान पैतृक भूमि पर मिला है। इलेक्ट्रानिक टोटल स्टेशन यानि ईटीएस की जांच रिपोर्ट में आरोपितों के मकान के आसपास की भूमि नजूल मिली है, उसके कुछ हिस्से की चहारदीवारी गिराई गई थी, अब बाकी अवैध निर्माण हटाया जाएगा। एलडीए ने अब आरोपितों के मकान की रिमोट सेंसिंग एंड एप्लीकेशन सेंटर के निदेशक को पत्र लिखा है, ताकि एक और जांच कराई जा सके।
एलडीए अब आरोपित के मकान का नक्शा और उसके वास्तविक स्वरूप की सघन जांच कराने जा रहा है। इसीलिए एलडीए उपाध्यक्ष ने रिमोट सेंसिंग एंड एप्लीकेशन सेंटर के निदेशक को पत्र भेजा है, इसमें अत्याधुनिक सैटेलाइट तकनीक से भवन के निर्माण और उसकी जमीनी हकीकत का पता लगाने का अनुरोध किया गया है।
एलडीए की ओर से ईटीएस तकनीक के माध्यम से आरोपित के मकान की पैमाइश (नाप-जोख) कराई गई थी। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपित का मकान जिस हिस्से पर बना है, वह जमीन भवन स्वामी की पैतृक संपत्ति है, जबकि मकान के आसपास चहारदीवारी आदि नजूल भूमि पर है, जिस पर एलडीए बुलडोजर चला चुका है, जो हिस्सा रह गया है उस पर फिर कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ ईडी रिश्वतकांड: CBI ने बढ़ाई जांच की आंच, दो अन्य अधिकारियों का मांगा ब्योरा
एलडीए की ओर से भवन स्वामी को भेजे नोटिस में मकान का नक्शा मांगा गया था, वह अभी नहीं मिला है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, ईटीएस जांच रिपोर्ट आ गई है अब एक और जांच करा रहे हैं। आरोपितों ने भवन का नक्शा अभी तक नहीं दिया है। विहित प्राधिकारी कोर्ट में सुनवाई करके अंतिम निर्णय लिया जाएगा।