विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुशांत गोल्फ सिटी में 1150 रुपये प्रति वर्गमीटर देना होगा कंप्लीशन चार्ज, वसूली के लिए LDA ने तैयार किया प्लान

Published: Thu, 22 Oct 2026 05:39 AM (IST)

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) सुशांत गोल्फ सिटी में 1150 रुपये प्रति वर्गमीटर कंप्लीशन चार्ज लगाएगा, जिसे नवंबर में बोर्ड बैठक में मंजूरी मिलेगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. एलडीए सुशांत गोल्फ सिटी में कंप्लीशन चार्ज लगाएगा।

  2. 1150 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से वसूली होगी।

  3. ईडब्ल्यूएस, एलआईजी भूखंडों को मिलेगी छूट।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी को पूरा कराने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) टाउनशिप में कंप्लीशन चार्ज लगाएगा। प्राधिकरण बोर्ड की बैठक नवंबर में प्रस्तावित है इसमें 1150 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से कंप्लीशन चार्ज वसूलने की तैयारी है।

बोर्ड की मुहर लगने के बाद इसे लागू किया जाएगा। वहीं, परियोजना के ईडब्ल्यूएस, एलआइजी भूखंड जो अधिकतम 50 वर्ग मीटर के होंगे पर कोई कंप्लीशन चार्ज नहीं लगेगा यानि करीब 10 हजार से अधिक भूखंड खरीदारों को यह चार्ज नहीं देना होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 15 सितंबर को कैबिनेट ने सुशांत गाेल्फ सिटी टाउनशिप को एलडीए के टेकओवर करने पर मुहर लगाई थी। उसके बाद एलडीए ने टाउनशिप को लेकर योजना तैयार किया है। इसमें मानचित्र स्वीकृत व शमन के लिए टाउनशिप कंप्लीशन चार्ज लगाने का प्रस्ताव है। एलडीए तीन तरह से नक्शा पास कराने, कंप्लीशन प्रमाणपत्र मांगने और भवन की कंपाउडिंग कराने के समय इसे आवेदक से वसूल करेगा। बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव पास होने की पूरी उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- रसूखदारों को ब्लैकमेल कर तस्करी का रास्ता साफ करती थी श्रद्धा, हनी ट्रैप और ड्रग्स स्मगलिंग से भी जुड़े तार

हाईटेक टाउनशिप में 10 साल पहले 2618 ईडब्ल्यूएस व एलआइजी यूनिट का निर्माण किया जा रहा था, जबकि 3550 एकड़ में 6266 ईडब्ल्यूएस व एलआइजी यूनिट बनना था। ऐसे में करीब 10 हजार से अधिक आवंटी ऐसे हैं, जो ईडब्ल्यूएस व एलआइजी के तहत आते हैं। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा है कि कंप्लीशन चार्ज का उद्देश्य योजना को पूरा कराना है। इसका उपयोग प्राधिकरण की आय के स्रोत के रूप में नहीं किया जाएगा। साथ ही गरीब व सामान्य वर्ग पर कोई चार्ज नहीं होगा।

योजना के विकास में होगा उपयोग

सुशांत गोल्फ सिटी में कंप्लीशन चार्ज, संपत्तियों की बिक्री व योजना से होने वाली अन्य आय को एस्क्रो अकाउंट में रखा जाएगा, ताकि इस धनराशि का उपयोग योजना के विकास में ही खर्च किया जा सके।

जमीन का पुनर्ग्रहण भी होगा

एलडीए इसी के साथ 2023 में टाउनशिप की स्वीकृत डीपीआर के तहत ग्राम समाज व नगर निगम की भूमि का पुनर्ग्रहण भी करेगा। इसकी पूरी रूपरेखा तैयार हो चुकी है।