विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रसूखदारों को ब्लैकमेल कर तस्करी का रास्ता साफ करती थी श्रद्धा, हनी ट्रैप और ड्रग्स स्मगलिंग से भी जुड़े तार

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Thu, 22 Oct 2026 04:19 AM (IST)Updated: Thu, 22 Oct 2026 04:36 AM (IST)

शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के ड्रग्स और सोना तस्करी गिरोह से जुड़े होने के साथ ही हाई-प्रोफाइल लोगों को हनीट्रैप करने के कारनामे सामने आए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. श्रद्धा दुबे ड्रग्स, सोना तस्करी और हनीट्रैप में शामिल थी।

  2. मुंबई के 'जेड गैंग' से जुड़े थे उसके तार।

  3. कई हाई-प्रोफाइल लोगों को ब्लैकमेल करती थी श्रद्धा।

आयुष्मान पांडेय, लखनऊ। कैफे संचालक शिवा शर्मा की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे के कई अन्य कारनामे सामने आ रहे हैं। हाई-प्रोफाइल लोगों को अपने जाल में फंसाने के अलावा वह ड्रग्स और सोना तस्करी के गिरोह से भी जुड़ी थी और मुंबई बांद्रा स्थित कुरैशी नगर वाले जेड गैंग के लिए काम करती थी। फरार होने के दौरान उसके नागपुर में ठहरने का इंतजाम भी इसी गैंग ने किया था।

वहीं, दूसरी ओर श्रद्धा हनीट्रैप कर प्रभावशाली लोगों के वीडियो और साक्ष्य अपने पास सुरक्षित रखती थी ताकि ब्लैकमैल किया जा सके। माना जा रहा है कि इसी कारण से फरारी में पुलिस से बचाने में कई हाइप्रोफाइल लोगों ने उसकी जमकर मदद भी की।

पुलिस सूत्रों का दावा है कि श्रद्धा उत्तर प्रदेश में तस्करी का नेटवर्क संभालती थी।मंगलवार को श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद से कई बातें निकलकर आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, शहर के कई प्रभावशाली लोग श्रद्धा के संपर्क में थे।

पुलिस अब इन संबंधों की जांच कर सकती है। श्रद्धा के संपर्क वाले मुंबई में नशीले पदार्थों की तस्करी और वसूली से जुड़े बताए जा रहे जेड गैंग का सरगना मुंबई निवासी जुल्फिकार बेहलीम उर्फ जुल्फी है और नेटवर्क मुंबई निवासी नीलोफर संचालित करती है जिससे श्रद्धा के तार जुड़े हैं। जुल्फी की मदद से लोनावला में मकान खरीदने की तैयारी कर रही थी। सूत्रों के अनुसार, नीलोफर माडल्स को गिरोह से जोड़ती थी, ताकि पुलिस को गतिविधियों पर शक न हो।

श्रद्धा का नेटवर्क सक्रिय होने की चर्चा गर्म

अलग-अलग राज्यों में गैंग के लिए काम करने वाली तमाम लड़कियां भी सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी श्रद्धा की थी। बताया जाता है कि श्रद्धा करीब ढाई वर्ष से इस गिरोह के संपर्क में थी। इस दौरान ही उसकी माडलिंग में रुचि कम हो गई और प्रभावशाली लोगों के साथ मेलजोल बढ़ाने लगी थी।

सूत्रों का दावा है कि श्रद्धा के संपर्क में 50 से 60 लड़के थे, जो कथित तौर पर तस्करी करते थे। वाराणसी, नोएडा, आगरा, रायबरेली और गोरखपुर समेत कई जिलों में श्रद्धा का नेटवर्क सक्रिय होने की बात कही जा रही है।

इस बारे में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार का कहना है कि श्रद्धा को लेकर टीम नागपुर से निकल चुकी है। उसके यहां आने पर शिवा हत्याकांड से संबंधित पूछताछ करेंगे। साथ ही उसके मुंबई नेटवर्क का भी पता लगाया जाएगा। अगर किसी और अपराध में शामिल हैं, तो उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा।

गौरतलब है कि मंगलवार को शिवा हत्याकांड में मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को पुलिस ने नागपुर में गिरफ्तार किया था। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आज पुलिस ने तीनों को नागपुर की कोर्ट में पेश किया था जिसके बाद 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिली है।

श्रद्धा के करीबी आमिर की भूमिका की हो रही जांच, एसटीएफ ने पकड़ा

शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच में मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे के करीबी आमिर की भूमिका भी सामने आई है। जिस कार से श्रद्धा फरार हुई वह कार आमिर ने भेजी थी। सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद श्रद्धा के साथ आमिर के नेपाल जाने की जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि शिवा की मौत के समय आमिर भी मौके पर मौजूद था।

उसने श्रद्धा के लिए फर्जी पहचान पत्र पर सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था, जिसका इस्तेमाल उसके फरार रहने के दौरान संपर्क बनाए रखने में किया गया। आमिर को बुधवार को एसटीएफ ने पकड़ लिया है, लेकिन गिरफ्तारी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, उससे पूछताछ में श्रद्धा के फरार होने और उसके नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।