LDA कार्यालय में बनेगी सेंट्रल लैब, अब निर्माण सामग्री जांच में नहीं होगी देरी; थर्ड पार्टी चेकिंग की जरूरत खत्म
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अपने कार्यालय में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए एक सेंट्रल लैब स्थापित करेगा। इससे थर्ड पार्टी जांच में होने वाली देरी खत्म होगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी, साथ ही गुणवत्ता भी सुनिश्चित होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एलडीए कार्यालय में बनेगी निर्माण सामग्री जांच सेंट्रल लैब।
थर्ड पार्टी जांच में अनावश्यक देरी से कार्य नहीं बाधित होंगे।
विकास कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए में निर्माण सामग्री की जांच के लिए अब सेंट्रल लैब बनेगी। इससे थर्ड पार्टी जांच में अनावश्यक रूप से होने वाली देरी से कार्य बाधित नहीं होगा। एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने बुधवार को अभियंत्रण अनुभाग की समीक्षा बैठक में अलग-अलग जोन में किए जा रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
प्राधिकरण द्वारा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए राइट्स संस्था के माध्यम से थर्ड पार्टी जांच कराई जाती है। प्राधिकरण इस समय शहर में बड़े स्तर पर विकास व निर्माण के कार्य करा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए राइट्स के माध्यम से प्राधिकरण कार्यालय में ही सेंट्रल लैब स्थापित कराई जाए। जिससे जांच कार्यों में अधिक पारदर्शिता व शीघ्रता होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा समय-समय पर लैब का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सकेगी।
अनंत नगर योजना की समीक्षा करते हुए ग्रिड सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाने और सड़क निर्माण में किसी तरह की बाधा आ रही हो तो किसानों से वार्ता करके अड़चनों को दूर करने का निर्देश दिया गया है। अटल नगर आवासीय योजना के संबंध में अधिकारियों ने अवगत कराया कि छह टावरों के तहत 1032 भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें से चार टावरों में 756 भवन बनकर तैयार हो गए हैं।
उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि प्रथम चरण में जिन भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनमें आवंटियों के पक्ष में रजिस्ट्री कराकर भवनों का कब्जा दिया जाए। शेष भवनों का कार्य समय से पूरा कराकर थर्ड पार्टी आडिट कराने को कहा।
उपाध्यक्ष ने गोमती नगर में उच्च न्यायालय के पास प्रस्तावित संविधान पार्क की समीक्षा करते हुए भूमि चिन्हांकन के लिए ईटीएस सर्वे कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिये कि जहां आवश्यक हो, वहां विकास व निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से लिया जाए। एलडीए सचिव को नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में अब वोटर कार्ड बनवाना-संशोधन हुआ आसान, विभाग ने हेल्पलाइन नंबर किया जारी
इसके अतिरिक्त विभिन्न जगहों पर विकास कार्यों में आने वाली विधिक अड़चनों को दूर करने के लिए उपाध्यक्ष ने अपर सचिव को जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक में प्राधिकरण के सचिव अतुल कुमार, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव अरविंद द्विवेदी, प्रभारी अधिकारी-अर्जन विपिन कुमार शिवहरे आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।