1.92 करोड़ से छठ घाटों की सूरत बदलेगा LDA, गोमती नदी में साफ-सफाई का काम तेज
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) छठ पूजा के लिए लक्ष्मण मेला मैदान सहित छह से अधिक घाटों का 1.92 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण करेगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
एलडीए 1.92 करोड़ रुपये से छठ घाटों का करेगा कायाकल्प।
गोमती नदी में सफाई और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
सभी संबंधित कार्य 10 नवंबर तक पूरे करने के निर्देश जारी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दीपावली के बाद छठ पूजा होनी है। इसको लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) लक्ष्मण मेला मैदान पर छठ पूजा स्थल सहित अन्य स्थानों को संवारेगा। शहर में छह से अधिक घाटों को चिन्हित किया गया है।
जहां कायाकल्प के दौरान घाटों के सुंदरीकरण और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जाएगा। इसकी सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, 10 नवंबर तक कार्य पूरा कराने के निर्देश हैं।
गोमती नदी में इस बार बाढ़ आने से जगह-जगह साफ-सफाई के साथ ही अतिरिक्त इंतजाम भी करना पड़ रहा है। लक्ष्मण मेला मैदान के अलावा अन्य जगहों पर पानी में बांस आदि लगाकर लोगों को आगे जाने से रोका जाएगा। एलडीए और नगर निगम दोनों मिलकर घाटों की सूरत बदलेंगे।
एलडीए की ओर से जहां 1.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, वहीं नगर निगम भी करीब दो करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराएगा। कुल चार करोड़ रुपये की रकम खर्च करके श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को हिदायत दिया है। उन्होंने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 10 नवंबर तक हर हाल में सभी संबंधित कार्यों को पूरा करा लिया जाए।
यह भी पढ़ें- धनतेरस पर LDA का तोहफा: लखनऊ के नैमिष नगर और वरुण विहार योजना में 860 लोगों को मिले प्लॉट
समय सीमा के भीतर काम खत्म करने के लिए घाटों पर सफाई, लाइटिंग और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों को तेजी से फाइनल किया जा रहा है। अवस्थापना निधि से इसका बजट पहले ही स्वीकृत कराया जा चुका है।