26 नवंबर को लखनऊ में कांग्रेस निकालेगी 'संविधान रक्षा मार्च', मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे अगुवाई
कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस पर लखनऊ में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की फाइल फोटो। (तस्वीर सोर्स- जागरण आर्काइव)
HighLights
कांग्रेस 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे इस मार्च का नेतृत्व।
दलितों को जोड़ने और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संदेश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव को लेकर ज्यादा से ज्यादा दलितों को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस की तरफ से राजधानी में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में निकला जाने वाला यह मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से हजरतगंज स्थित भारत रत्न बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को आयोजित बैठक में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने संविधान मार्च को जनभागीदारी वाला आयोजन बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
कांग्रेस नेताओं ने अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के साथ प्रचार-प्रसार और सोशल मीडिया के जरिए कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। मार्च में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने और भीड़ प्रबंधन के लिए वरिष्ठ कांग्रेसजनों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
साथ ही जिला व शहर अध्यक्षों को भी ज्यादा से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि मार्च का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे इसलिए इस मार्च को लेकर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
इसके लिए पार्टी के इंटरनेट मीडिया सेल की भी ड्यूटी लगाई गई। बैठक में राज्यसभा में उपनेता प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, सांसद तनुज पुनिया, द्विजेंद्र त्रिपाठी, वीरेंद्र मदान व प्रियंका गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- किसानों के संकट से लेकर वोट चोरी तक, राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने कैसे बनाया गांवों में पहुंचने की रणनीति