लखनऊ: केजीएमयू का ट्रामा सेंटर-2 फरवरी में होगा शुरू, आपातकालीन इलाज में मिलेगी बड़ी राहत
केजीएमयू में 500 बेड का ट्रामा सेंटर-2 फरवरी के अंत तक शुरू हो जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटना और अन्य आपातकालीन पीड़ितों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।

HighLights
फरवरी अंत तक केजीएमयू ट्रामा सेंटर-2 का संचालन शुरू।
500 बेड की क्षमता, 300 करोड़ की लागत से निर्मित।
आपातकालीन पीड़ितों को गोल्डेन आवर में मिलेगा इलाज।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में 500 बेड का ट्रामा सेंटर-2 का भवन जनवरी तक तैयार होने की उम्मीद है। फरवरी तक अत्याधुनिक भवन में गंभीर रोगियों की भर्ती शुरू हो जाएगी। नया ट्रामा सेंटर शुरू होने से सड़क दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर रोगियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। ट्रामा-2 के नए भवन में दुर्घटना वाले मरीजों को भर्ती किया जाएगा, पुरानी बिल्डिंग गंभीर रोगियों के लिए आरक्षित रहेगी।
ट्रामा सेंटर साल 2003 में शुरू हुआ था। चार मंजिला भवन में 450 बेड हैं, लेकिन इसके मुकाबले हर दिन कहीं ज्यादा मरीज आते हैं। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना में गंभीर मरीजों के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं होंगी।
आंकड़ों में तथ्य
- 500 बेड का होगा ट्रामा सेंटर-2 का नया भवन
- 300 करोड़ की लगात से जनवरी तक हो जाएगा तैयार
- 946 बेड हो गे गंभीर मरीजों के लिए
नई बिल्डिंग में दो बेसमेंट समेत कुल सात तल होंगे। नई इमारत के ग्राउंड फ्लोर में आगे की तरफ 80 बेड की कैजुअल्टी, रेडियोडायग्नासिस (सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एमआरआइ, एक्स-रे), ओटी के साथ पीआरओ रूम, रेजिडेंट-फैकल्टी के कमरे, एचआरएफ स्टोर की सुविधा होगी।
किस तल पर क्या सुविधाएं होंगी
- पहला तल- 12 माड्युलर ओटी कांप्लेक्स, 60 बेड का पोस्ट आपरेटिव वार्ड, फैकल्टी व रेजिडेंट के कमरे, स्टोर और नर्स के कमरे।
- दूसर तल- 80 बेड का ट्रामा सर्जरी वार्ड, फैकल्टी और रेजिडेंट के कमरे, स्टोर, नर्स व अन्य सुविधाओं के लिए कमरे।
- तीसरा तल- 80 बेड का न्यूरो सर्जरी वार्ड, फैकल्टी और रेजिडेंट के कमरे, स्टोर, नर्स व अन्य सुविधाओं के लिए कमरे।
- चौथा तल- 60 बेड का आर्थोपेडिक्स वार्ड, 20 बेड का पीडियाट्रिक आर्थोपेडिक्स वार्ड, फैकल्टी व रेजिडेंट के कमरे, स्टोर, नर्स व अन्य सुविधाओं के लिए कमरे।
- पांचवां तल- क्रिटिकल केयर मेडिसिन के 40 आइसीयू और 20 एचडीयू बेड, फैकल्टी-रेजिडेंट के कमरे, स्टोर, नर्स रूम।
- छठा तल- 10 बेड का प्लास्टिक सर्जरी वार्ड, 10 बेड का वैस्कुलर सर्जरी वार्ड, 10 बेड का ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल वार्ड, 10 बेड का ईएनटी, 10 बेड का नेत्र विभाग वार्ड, 10 बेड का निराश्रित वार्ड, फैकल्टी व रेजिडेंट के कमरे, स्टोर व नर्स रूम।
- सातवां तल- दफ्तर, लाउंज, सेमिनार हाल, बीएमई आफिस, स्टोर रूम, इलेक्ट्रिक स्टोर रूम, फार्मेसी सब-स्टोर, इक्विपमेंट स्टोर।
प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के अनुसार, फरवरी के आखिरी सप्ताह तक ट्रामा सेंटर-2 का संचालन शुरू करने की तैयारी है। पुराने ट्रामा सेंटर और फेज-2 को मिलाकर 950 बेड हो जाएंगे। केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में प्रतिदिन 650-700 गंभीर रोगी पहुंचते हैं।
