विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केजीएमयू में बनेगा भारतीय दिमाग का पहला डिजिटल नक्शा, 700 भारतीयों के मस्तिष्क का तैयार होगा नक्शा

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:44 AM (GMT+05:30)

केजीएमयू भारत का पहला डिजिटल मस्तिष्क नक्शा तैयार करेगा, जिसमें 700 भारतीयों के दिमाग का अध्ययन किया जाएगा।  

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. केजीएमयू बनाएगा भारत का पहला डिजिटल मस्तिष्क नक्शा।

  2. 700 भारतीयों के मस्तिष्क का होगा विस्तृत अध्ययन।

  3. एआई तकनीक से न्यूरोलॉजिकल बीमारियों की पहचान में मदद।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारत जल्द ही अपने लोगों के मस्तिष्क का पहला संदर्भ मानचित्र तैयार करेगा। अनुसंधान राष्ट्रीय शोध फाउंडेशन (एएनआरएफ) ने केजीएमयू के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. दुर्गेश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में ‘मानस मंडल (ब्रेन नेटवर्क): एआई-हार्मोनाइज्ड इंडियन ह्यूमन ब्रेन कनेक्टोम एटलस फार प्रिसिजन ब्रेन हेल्थ’ परियोजना को मंजूरी दी है। करीब पांच करोड़ रुपये की यह तीन वर्षीय परियोजना एएनआरएफ के ‘एआई फार साइंस एंड इंजीनियरिंग’ मिशन के तहत संचालित होगी।

डॉ. दुर्गेश द्विवेदी के मुताबिक, परियोजना में करीब 700 भारतीयों के मस्तिष्क का अध्ययन किया जाएगा। इसमें लखनऊ और दिल्ली के लगभग 600 स्वस्थ वयस्कों तथा स्ट्रोक, सिर की चोट, ब्रेन ट्यूमर और डिमेंशिया से पीड़ित 100 से अधिक मरीजों को शामिल किया जाएगा। अध्ययन में उम्र, लिंग, शिक्षा और क्षेत्र का संतुलन रखा जाएगा।

इसमें केजीएमयू के साथ एम्स दिल्ली, आईआईटी कानपुर और आईआईटी दिल्ली भागीदार संस्थान हैं। अमेरिका और यूरोप के विशेषज्ञ भी इससे जुड़े हैं। हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के डॉ. योगेश राठी, लीडेन यूनिवर्सिटी के प्रो. एंड्रयू वेब और यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग के डॉ. सुधीर के. पाठक तथा मिसौरी यूनिवर्सिटी के डॉ. एलोक द्विवेदी इसमें सहयोग करेंगे।

तीन मशीनों पर एक व्यक्ति की जांच

डॉ. दुर्गेश द्विवेदी ने बताया कि अध्ययन में पहली बार भारत में एक ही व्यक्ति के तीन अलग-अलग एमआरआई स्कैनर पर परीक्षण किए जाएंगे। इससे मशीनों के कारण तस्वीरों में आने वाले अंतर को एआई की मदद से दूर किया जा सकेगा। करीब डेढ़ घंटे की एमआरआई जांच में मस्तिष्क की संरचना, सफेद पदार्थ की नसों, आराम की स्थिति में मस्तिष्क की गतिविधि और रक्त प्रवाह का अध्ययन होगा।

साथ ही रक्त के करीब 50 बायोमार्कर और आनुवंशिक जांच भी की जाएगी। हिंदी, तमिल और बंगाली में स्मृति व सोच से जुड़े परीक्षण भी होंगे। परियोजना का उद्देश्य भारतीय मरीजों की जांच को देश की आबादी के सामान्य मस्तिष्क से तुलना करना है।

इससे स्ट्रोक के बाद रिकवरी और पुनर्वास की योजना, सिर की चोट में क्षति की पहचान तथा ब्रेन ट्यूमर में महत्वपूर्ण कार्यों को सुरक्षित रखते हुए सर्जरी में मदद मिल सकती है। डिमेंशिया की शुरुआती पहचान और कम लागत में उपचार योग्य जोखिम कारकों की पहचान में भी यह उपयोगी होगा।

केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह का कहना है कि परियोजना से तैयार गुमनाम डेटा एएनआरएफ/भारत सरकार के पोर्टल पर शोधकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे भारतीय मस्तिष्क पर आधारित एआई शोध, भविष्य की परियोजनाओं और देश में ब्रेन-इमेजिंग तकनीक के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- केजीएमयू मतांतरण मामला: एसटीएफ रिपोर्ट के बाद अनुशासनात्मक समिति गठित, 6 पर लटकी कार्रवाई की तलवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।