KGMU में रैगिंग के दोषी 38 छात्र तीन महीने के लिए सस्पेंड, हॉस्टलों में चस्पा हुआ नोटिस
केजीएमयू प्रशासन ने रैगिंग के दोषी 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है और प्रत्येक पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है।

केजीएमयू, (फाइल फोटो)
HighLights
38 छात्र तीन महीने के लिए निलंबित किए गए।
प्रत्येक छात्र पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगा।
छात्रवृत्ति एक साल के लिए भी रोक दी गई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। केजीएमयू प्रशासन ने रैगिंग के मामले में निलंबन की कार्रवाई के बाद शनिवार को अब इन आरोपित छात्रों के हास्टलों में नोटिस चस्पा की है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर, चीफ प्राक्टर और हास्टल प्रशासन को नोटिस का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है। सभी आरोपित छात्र तीन माह तक कक्षाओं और छात्रावास में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इस दौरान वे हास्टल में भी नहीं रह सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने रैगिंग के दोषी पाए गए 38 छात्रों में प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। सभी छात्रों को 9.50 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा। केजीएमयू में पहली बार रैगिंग के मामले में इतना अधिक जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा सभी छात्रों की एक साल तक छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है।
केजीएयू ने शुक्रवार को जारी आदेश के तहत सभी 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित किया है। इनमें एमबीबीएस 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं। दोनों जूनियर छात्रों पर सीनियर की रैगिंग में मदद करने का आरोप है। कार्रवाई के आदेश के बाद शनिवार को विवि प्रशासन ने इन छात्रों के छात्रावासों में नोटिस चस्पा कराई है।
19 नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई थी। केजीएमयू में रैगिंग का मामला 16 नवंबर को प्रथम वर्ष के छात्रों का इंटरनेट पर एक वीडियो प्रसारित होने के बाद सामने आया था, जिसमें जूनियर छात्र कतार में खड़े होकर सीनियर को प्रणाम महोदय और प्रणाम मैडम कहते नजर आए थे।
यह भी पढ़ें- लखनऊ की 'लाइफलाइन' पर संकट! गोमती और सहायक नदियों का प्रवाह 40% घटा, जनवरी के बाद सूखने की आशंका
शुरुआत में प्रशासन ने इसे रैगिंग मानने से इनकार किया था, लेकिन शिकायतों के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू की। जांच में जूनियर छात्रों को प्रताड़ित किए जाने का मामला सही पाया गया, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
रैगिंग किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुलपति ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए थे। जांच कमेटी की रिपोर्ट में जूनियर छात्रों को प्रताड़ित करने की बात की पुष्टि हुई है।- प्रो. केके सिंह, प्रवक्ता, केजीएमयू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।