विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AI तकनीक से टीबी पर प्रहार: KGMU में आई पोर्टेबल एक्स-रे मशीन, गांवों-बस्तियों में भी होगी जांच

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:21 PM (IST)

केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में टीबी की जल्द पहचान के लिए एआइ-युक्त हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन लगाई गई है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. केजीएमयू में एआइ-युक्त पोर्टेबल एक्स-रे मशीन स्थापित।

  2. एक मिनट में छाती का एक्स-रे, एआइ से विश्लेषण।

  3. ग्रामीण, मलिन बस्तियों में टीबी जांच शिविरों में उपयोग।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। टीबी की जल्द पहचान और जांच आसान बनाने के लिए केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) से लैस हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन लगाई गई है। इससे छाती का एक्स-रे महज एक मिनट में किया जा सकेगा। एआइ तकनीक तस्वीर का विश्लेषण कर फेफड़ों में टीबी से जुड़े संभावित लक्षणों की पहचान में मदद करेगी।

उत्तर प्रदेश राज्य टीबी सेल की ओर से उपलब्ध कराई गई मशीन का इस्तेमाल अस्पताल के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों और मलिन बस्तियों में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य एवं टीबी जांच शिविरों में भी होगा। गंभीर मरीजों को एक्स-रे सेंटर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बेड पर ही जांच की जा सकेगी। इससे चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को राहत मिलेगी।

विभागाध्यक्ष डा. सूर्यकान्त ने बताया कि विभाग में आधुनिक डिजिटल एक्स-रे की सुविधा पहले से है, लेकिन नई मशीन से जांच तेज होगी। एक्स-रे की तस्वीर लगभग एक मिनट में मिल जाएगी और उसे मरीज या तीमारदार के साथ व्हाट्सएप पर साझा किया जा सकेगा। एआइ से संभावित लक्षणों का आकलन कर संदिग्ध मरीजों की आगे की जांच और उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मशीन का उपयोग सामुदायिक स्तर पर भी होगा। लखनऊ और आसपास के ग्रामीण, पिछड़े तथा मलिन बस्ती वाले क्षेत्रों में शिविरों के दौरान मौके पर एक्स-रे किया जाएगा। इससे अस्पताल न पहुंच पाने वाले या जांच में देरी करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग कर संभावित मरीजों को आगे की जांच के लिए भेजा जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- रामपुर आतंकी हमले के मामले में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम

टीबी से ठीक होने के बाद फेफड़ों की बीमारी (पोस्ट ट्यूबरकुलोसिस लंग डिजीज-पीटीएलडी) से जूझ रहे मरीजों की जांच और नियमित फालोअप में भी मशीन उपयोगी होगी। केजीएमयू की कुलपति डा. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि मशीन टीबी की शीघ्र पहचान और प्रभावी जांच की दिशा में अहम कदम है। इसके संचालन के लिए एक्स-रे तकनीशियनों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।