KGMU मतांतरण केस: मुर्गे के खून से लव लेटर लिख लड़कियों को रिझाता था डॉ. रमीज, पूछताछ में बड़े खुलासे
केजीएमयू में एमडी पैथालॉजी के छात्र रहे रमीजुद्दीन उर्फ रमीज की करतूतें हैरतअंगेज कर देने वाली हैं।

मतांतरण केस में डॉ. रमीज से पूछताछ जारी।
आयुष्मान पांडेय, लखनऊ। केजीएमयू में एमडी पैथालॉजी के छात्र रहे रमीजुद्दीन उर्फ रमीज की करतूतें हैरतअंगेज कर देने वाली हैं। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि एक युवती को जाल में फंसाने के लिए उसने मुर्गे के खून से पत्र लिखकर भेज दिया।
युवती पत्र में रमीज का खून समझकर प्रभावित हो गई और उसकी मनमानी पर राजी हो गई। इतना ही नहीं, वह युवतियों से पहले शारीरिक संबंध बनाता था और उस दौरान वीडियो बनाकर फोन में रख लेता था।
जब युवतियों की शादी तय होती तो मंगेतर को वह वीडियो भेजकर संबंध तुड़वा देता था, ताकि उन्हें मजबूरन लौटकर उसी के पास आना पड़े। निजी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसने युवती के करीब चार रिश्ते भी तुड़वा दिए थे। पुलिस के सामने आए इस बयान से ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव के कई नए तरीके सामने आए हैं।
2012 में आगरा में युवती से हुई मुलाकात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रमीज ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2012 में आगरा के सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान उसकी युवती से मुलाकात हुई थी। आठ दिसंबर को डांस प्रैक्टिस के बहाने उसे अपने कमरे पर बुलाया। वहां शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। इस दौरान उसने निजी वीडियो भी बना लिया।
इसके बाद पीड़िता को परिवार से अलग करने के लिए उसके बैग में बीयर की बोतल और इस्तेमाल किए गए संदिग्ध सामान रख देता था, ताकि घर में विवाद हो और वह परिवार से दूर हो जाए। रमीज ने बयान में बताया कि जब युवती के परिवार वाले उसके रिश्ते तलाशने लगे तो वह निजी वीडियो का हवाला देकर होने वाले पति तक पहुंच जाता था। वीडियो सार्वजनिक करने की बात कहकर रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाता था।
गर्भवती होने पर युवती से शादी से किया इनकार
इस तरह उसने करीब चार रिश्ते तुड़वाए। वर्ष 2016 में युवती के गर्भवती होने पर उसने शादी से इनकार कर दिया। आगरा के खंदारी क्षेत्र के एक क्लीनिक से गर्भपात की दवा दिलाई और तीसरे दिन कमरे पर ही गर्भपात कराया।
बयानों में रमीज के माता-पिता ने भी साजिश में भूमिका स्वीकार की है। मतांतरण के लिए युवती को हिंदू त्योहार मनाने से रोका जाता था और मुस्लिम रीति-रिवाज अपनाने का दबाव बनाया जाता था। नौ फरवरी 2025 को पीलीभीत में हुए निकाह में युवती और उसके पिता के हस्ताक्षर दबाव में कराने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस अब निकाहनामा, निजी वीडियो, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य युवतियों से जुड़े मामलों की जोड़कर जांच कर रही है।
पढ़ाई छुड़वाकर अपने पास रखने की थी कोशिश
वर्ष 2023 में रमीज ने केजीएमयू में एमडी पैथालाजी में दाखिला लिया, जबकि युवती का आगरा के एक कालेज में प्रवेश हुआ। पुलिस के मुताबिक, रमीज नहीं चाहता था कि वह युवती आगे पढ़ाई करे। वह बहाने बनाकर उसकी पढ़ाई छुड़वाता रहा।
बाद में उसे लखनऊ बुलाकर अपने फ्लैट के पास कमरा दिलाया और फिर परिवार के साथ रहने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि उससे खाना बनवाने और सफाई कराने के साथ पढ़ाई छोड़ने को कहा जाता था। विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।