फर्जी पहचान बनाकर हिंदू किशोरी को फंसाया था, मतांतरण का बना रहा था दबाव... पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
आरोपी समीर ने अमन मलिक की फर्जी पहचान बनाकर एक हिंदू किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया और उसका अपहरण कर ...और पढ़ें

बड़ौत की काशीराम कालोनी के पास पुलिस मुठभेड़ में पकडा गया दस हजार का इनामी समीर। सौ. पुलिस विभाग
HighLights
मुस्लिम समीर ने अमन मलिक नाम से फर्जी पहचान बनाई।
किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया, मतांतरण का दबाव।
पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार, इनाम घोषित था।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। इंटरनेट मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर हिंदू किशोरी को प्रेमजाल में फंसाने और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपित समीर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रविवार देर रात कांशीराम कालोनी के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा बरामद हुआ है।
कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि खुर्शेद का पुत्र समीर मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। वह शहर स्थित नई बस्ती में अपनी बुआ के यहां आता-जाता रहता था। इसी दौरान उसने इंटरनेट मीडिया पर अमन मलिक के नाम से फर्जी आइडी बना रखी थी। खुद को हिंदू बताकर उसने 15 साल की किशोरी को अपने जाल में फंसा लिया। 10 अक्टूबर को वह किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
आरोपित किशोरी को हरियाणा ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने और मतांतरण कराकर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने पुलिस से किशोरी की बरामदगी की मांग उठाई थी। स्वामी यशवीर महाराज ने भी चेतावनी दी थी कि जल्द किशोरी बरामद नहीं हुई तो आरोपित के घर के बाहर धरना दिया जाएगा। चार दिन पहले पुलिस ने किशोरी को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया और अदालत में बयान दर्ज कराए थे, लेकिन आरोपित फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि आरोपित किशोरी के पिता को जान से मारने की धमकी दे रहा था। रात के समय भी वह शहर की कांशीराम कालोनी के पास घूम रहा था। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपित ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि आरोपित की बुआ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।