विधानसभा चुनाव 2027 में कौन होगा BJP का सीएम चेहरा? केशव प्रसाद मौर्य ने दिया ये जवाब
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा 'कमल का फूल' होगा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फोटो-सोशल मीडिया
HighLights
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा मुख्यमंत्री चेहरा 'कमल का फूल' होगा।
उनके बयान से 2027 विधानसभा चुनाव पर नई राजनीतिक चर्चा शुरू।
भाजपा योगी आदित्यनाथ के सुशासन पर चुनाव लड़ने की तैयारी में।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प से बढ़ रही भाजपा यूं तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कानून व्यवस्था एवं सुशासन को आगे रखकर समर्थन मांग रही है, लेकिन उन्हें तीसरी पारी देने के प्रश्न पर कई बार नई चर्चाएं भी उभर आती हैं।
मंगलवार को जालौन में एक कार्यक्रम में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि ‘मुख्यमंत्री का चेहरा कमल का फूल होगा।’ इस बयान से एक बार फिर नई राजनीतिक चर्चा तेज हो गई। पिछले दिनों प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कहा था कि हमारे यहां मुख्यमंत्री का चेहरा संसदीय बोर्ड तय करता है।
कई बार राजनीति में बयानों के अनेकों मायने निकलते हैं। चुनावी दौर में बयानों में छुपे संदेशों का विशेष महत्व होता है। भाजपाई आज भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा कहते हैं, जिनका नाम विधान सभा चुनावों में भी आगे किया जाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कई बार कह चुके हैं कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को अपराधमुक्त, सुरक्षित एवं विकसित बनाया, ऐसे में उनके चेहरे पर आगामी चुनाव चुनाव लड़ा जाएगा। गृहमंत्री अमित शाह कई अवसरों पर मुख्यमंत्री की कार्यशैली को कड़ी बताते हुए सराहना कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें- समाजवादी पार्टी ने की विधानसभा चुनाव के 5 प्रत्याशियों की घोषणा, उमर अली समेत इन दिग्गजों के नाम शामिल
लेकिन अब रणनीतिकार केशव प्रसाद मौर्य के बयान से अलग अर्थ निकाल रहे हैं। पिछले दिनों केशव ने एक चैनल से इंटरव्यू में कहा था कि ‘मैं ही नहीं, आखिर कौन मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता।’
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।