विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में गोमती तट पर 24 नवंबर से सजेगा कतकी मेला, टेंडर में 66 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि

Published: Mon, 26 Oct 2026 03:05 PM (IST)

लखनऊ में 24 नवंबर से 7 जनवरी तक 45 दिवसीय कतकी मेले का आयोजन होगा, जिसके टेंडर में इस बार 66.43% की बढ़ोतरी हुई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोमती तट पर झूले लाल वाटिका में 24 नंवबर से सात जनवरी तक कतकी मेला का आयोजन होगा। 45 दिवसीय कतकी मेले के टेंडर में इस बार नगर निगम की बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2025-26 में जहां मेले का टेंडर 2.77 करोड़ रुपये में हुआ था, वहीं वर्ष 2026-27 के लिए 4.61 करोड़ की बोली को स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में टेंडर राशि में लगभग 1.84 करोड़ की यानी 66.43 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मेसर्स खुशी ट्रेडर्स की वित्तीय बोली को निविदा समिति के सदस्यों की संस्तुति पर नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंजूरी प्रदान की है।

नगर निगम के खाते में जमा करनी होगी राशि

निविदा स्वीकृति के बाद संबंधित फर्म को निर्धारित नियमों के अनुसार स्वीकृत धनराशि का 50 प्रतिशत हिस्सा 24 घंटे के भीतर नगर निगम के खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, टेंडर के महंगे होने का खामियाजा जनता को झेलना होगा और ठेका पाने वाली एजेंसी वसूलेगी। पहले भी पार्किंग से लेकर झूले तक के मनमाने दाम वसूले जाने से लोगों का मोह भंग हो गया था।

कतकी मेला, जिसे बुड़क्की का मेला या गंगा स्नान मेला भी कहा जाता है, शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, इस मेले की परंपरा अवध के नवाबी दौर से जुड़ी है। यह मेला हिंदू-मुस्लिम सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल माना जाता है।

परंपरागत रूप से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गोमती नदी में स्नान के साथ मेले की शुरुआत होती है। पहले यह मेला डालीगंज पुल और सूरज कुंड के आसपास आयोजित होता था। समय के साथ इसके आयोजन स्थल में बदलाव आया और अब गोमती तट स्थित झूलेलाल वाटिका में इसका आयोजन किया जाता है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर मल्लिकार्जुन खरगे व राहुल गांधी के विरोध में प्रदर्शन, बड़ी संख्या में एकत्र हुए भाजपा कार्यकर्ता

यह भी पढ़ें- लखनऊ में चैंबर गिराने पहुंचे बुलडोजर पर चढ़े वकील, 7 घंटे की कार्रवाई के बाद 100 अवैध कब्जे ढहाए गए