लखनऊ में चैंबर गिराने पहुंचे बुलडोजर पर चढ़े वकील, 7 घंटे की कार्रवाई के बाद 100 अवैध कब्जे ढहाए गए
उच्च न्यायालय के आदेश पर लखनऊ की कचहरी रोड पर नगर निगम ने 100 अवैध कब्जों को ढहाया, जिनमें अधिकांश वकीलों के चैंबर थे।

बुलडोजर पर चढ़ गए थे वकील।
HighLights
उच्च न्यायालय के आदेश पर 100 अवैध कब्जे ढहाए गए।
अधिकांश अवैध निर्माण वकीलों के चैंबर थे।
वकीलों के भारी विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी रही।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। उच्च न्यायालय के आदेश पर नगर निगम की टीम ने कचहरी रोड पर सौ अवैध कब्जों को ढहा दिया। इसमें अधिकांश वकीलों के चैंबर थे। अधिवक्ताओं के भारी विरोध के बीच रविवार को करीब सात घंटे तक कार्रवाई चली।
इस दौरान कई अधिवक्ता बुलडोजर पर चढ़ गए और उसके आगे लेटकर नारेबाजी की। हालांकि पर्याप्त पुलिस और पीएसी बल मौजूद होने के कारण वकील को उपद्रव नहीं कर सके।
रविवार सुबह करीब नौ बजे नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ कचहरी रोड पर कैसरबाग डिपो और रेजीडेंसी के पास पहुंची। करीब एक घंटे दस बजे दस बुलडोजर से कचहरी के बाहर वकीलों के अवैध चैंबरों, दुकानों और अन्य अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू की।
वकीलों ने किया जमकर विरोध
कुछ देर बाद ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता जुट गए। कार्रवाई का विरोध करते हुए सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच कार्रवाई जारी रही। इससे अधिवक्ताओं का गुस्सा बढ़ गया। कई अधिवक्ता अतिक्रमण हटा रहे बुलडोजर पर चढ़ गए। बुलडोजर के आगे लेट गए।

इससे कुछ देर के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी। एक महिला वकील मौके पर ही रोने लगी। अधिवक्ताओं के भारी विरोध को देखकर एक-दो बुलडोजर कुछ देर के लिए पीछे भी हटे। नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। शाम करीब पांच बजे तक कार्रवाई चली।
देर शाम तक हटाए गए अतिक्रमण का मलबा हटाया गया। सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित ने कहा कि हम उच्च न्यायालय के आदेशों का पूर्ण सम्मान करते हैं, लेकिन उसके क्रियान्वयन में अधिवक्ताओं के हितों के प्रति संवेदनशीलता न दिखाने के लिए प्रशासन व नगर निगम की जवाबदेही तय होनी चाहिए। अधिवक्ताओं को न्यायोचित राहत व बैठने का सम्मानजनक वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
-1792990151655.webp)
मई और अगस्त में भी हुई थी कार्रवाई
उच्च न्यायालय के आदेश पर नगर निगम ने कचहरी के बाहर 241 अवैध निर्माण चिह्नित किए थे। 17 मई और 30 अगस्त को नगर निगम टीम ने अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की थी। बचे हुए अवैध निर्माण पर रविवार को कार्रवाई हुई। शेष 111 अवैध कब्जों को भी आगे हटाया जाना है।
