मां के अंतिम संस्कार के बाद कौशल दीक्षांत समारोह में पहुंचे CM योगी, जयंत चौधरी बोले- राजधर्म और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल
केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन के बाद भी कौशल दीक्षांत समारोह में मौजूदगी को राजधर्म और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया।

जयन्त चौधरी
HighLights
CM योगी मां के अंतिम संस्कार के बाद दीक्षा समारोह में पहुंचे।
जयन्त चौधरी ने इसे राजधर्म और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया।
कौशल विकास से युवाओं को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने पर जोर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त चौधरी ने मां के निधन के कठिन समय से गुजरने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कौशल दीक्षांत समारोह में मौजूदगी को उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ राजधर्म निभाने का उदाहरण बताया। उन्होंने युवाओं से भी इसी तरह खुद को तैयार करने का आह्वान किया। योगी शनिवार सुबह हरिद्वार में मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद समारोह में पहुंचे थे।
कौशल दीक्षांत समारोह में चौधरी ने कहा कि कौशल विकास को वैश्विक मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने की जरूरत है। आईटीआई में बेहतर लैब और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण की व्यवस्था इस दिशा में महत्वपूर्ण है। आने वाले समय में दुनिया को 8.5 करोड़ कुशल कामगारों की जरूरत होगी, जो भारत के युवाओं के लिए बड़ा अवसर है।
पीएम सेतु योजना भी इस दिशा में अवसर साबित होगी। चौधरी ने कौशल विकास से युवाओं की जिंदगी बदलने के उदाहरण भी साझा किए। उन्होंने बताया कि एक छात्रा ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता में जीत हासिल की थी। उससे प्रेरणा लेकर उसके भाई कोविद कंकरणे ने शंघाई में पुरस्कार जीतकर अपनी बहन का मान बढ़ाया।
इसी तरह लखनऊ के कैफ खान ने दसवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी, लेकिन शंघाई में पेंटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर लौटे हैं। जयन्त ने बताया कि वह कैफ खान के घर भी गए थे।